CWG 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता कांस्य… रचा इतिहास

बर्मिंघम में जारी राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women’s hockey team)  ने कांस्य पदक (bronze medal) अपने नाम किया है. भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को चैंपियन न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराकर ये पदक अपने नाम किया.

भारतीय टीम मैच के अंतिम लम्हों में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया. यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया.

भारतीय टीम ने किया बेहतरीन प्रदर्शन

सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ने वाली हार के बाद इस मुकाबले में खेल रही भारतीय टीम ने पूरे मैच के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया.

सलीमा टेटे के पहले गोल की बदौलत ब्रेक तक भारत 1-0 से आगे था. वहां भारतीय कप्तान सविता पूनिया ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए न्यूजीलैंड के चार प्रयासों को नाकाम किया.

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 16 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में कोई पदक अपने नाम किया है. इससे पहले भारत ने 2002 में स्वर्ण और 2006 में रजत पदक अपने नाम किया था.

पिछले साल टोक्यो में हुए ओलंपिक में भारत को सेमीफाइनल के बाद कांस्य पदक मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा था.

वहीं महिला हॉकी टीम के साथ ही CWG 2022 में भारत का ये 41वां पदक है. भारत ने अब तक 13 गोल्ड, 11 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिए हैं.

Last Updated on August 8, 2022 6:34 am

Related Posts