JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन तेज….

2 जुलाई को 14वीं  JPSC  प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में कथित धांधली के बाद झारखंड में छात्रों का बड़ा आंदोलन शुरू हुआ, जिसके कारण मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई और CID जांच के तहत छापेमारी व गिरफ्तारियां की गईं।छात्रों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच CBI, ED से करवाई जाए

Photo Credit_AISA
Photo Credit_AISA

झारखंड:  लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। अलग-अलग जिलों से रांची पहुंचे छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार से निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो वे आने वाले दिनों में झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे। आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) का भी समर्थन मिला है। इसके साथ ही छात्रों को विपक्षी दलों का भी समर्थन मिल रहा है।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल पर

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं ।  भूख हड़ताल करने से पहले देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार ने हमारे सामने और कोई विकल्प नहीं छोड़ा है। यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों मेहनती युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। हर उस छात्र की लड़ाई है जिसने वर्षों की मेहनत, अपने सपनों और अपने परिवार की उम्मीदों को प्रतियोगी परीक्षाओं के भरोसे रखा। साथ ही उन्होंने छात्रों से आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की है।

क्या है छात्रों की मांग?

2 जुलाई को 14वीं  JPSC  प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में कथित धांधली के बाद झारखंड में छात्रों का बड़ा आंदोलन शुरू हुआ, जिसके कारण मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई और CID जांच के तहत छापेमारी व गिरफ्तारियां की गईं।छात्रों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच CBI, ED से करवाई जाए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. सरकार द्वारा करवाई जा रही CID जांच पर हमें भरोसा नहीं है।

CJP और AISA ने छात्रों को दिया समर्थन

छात्रों के इस आंदोलन को अब कॉकरोच जनता पार्टी और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) का समर्थन मिल गया है। AISA ने 7 अगस्त को झारखंड विधानसभा मार्च का आह्वान किया है, जिसमें संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा भी शामिल होंगी। आइसा का कहना है कि छात्रों को पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष भर्ती चाहिए। मांगे पूरी नहीं की गई तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगा जाएगा।

 

Last Updated on August 4, 2026 4:30 pm

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *