Dhiru Ramani Kidnapping: पश्चिम अफ्रीका के देश माली से बड़ी खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तकरीबन 3 महीने तक बंधक बनाए रखने के बाद अपहरणकर्ताओं ने भारतीय मूल के 75 वर्षीय हीरा कारोबारी धीरू रमानी को रिहा कर दिया है. गुजरात के हीरा व्यापारी को अपनी जान बचाने के लिए अपहरण करने वालों को करीब 44 करोड़ रुपये देने पड़े. गुजरात के हीरा व्यापारी का अपहरण कहां हुआ? अपहरण करने वालों ने कितनी फिरौती मांगी थी? और रमानी कौन हैं? इस वक्त कहां है? मामला क्या है? चलिए जानते हैं.
अपहरण करने वालों ने कितनी फिरोती मांगी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, माली में अगवा किए गए भारतीय मूल के 75 साल के हीरा व्यापारी को उनके परिवार द्वारा 4 मिलियन यूरो (लगभग 44 करोड़ रुपये) की फिरौती देने के बाद रिहा कर दिया गया है. धीरू रमानी को अप्रैल में माली में अगवा किया गया था, जहाँ उन्होंने हाल ही में सोने की एक खदान खरीदी थी और कुछ समय से वहीं रह रहे थे.
अपहरणकर्ताओं ने पहले रमानी की रिहाई के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन अमेरिका में रहने वाले उनके परिवार ने बातचीत करके यह रकम कम करवाई और उन्हें छुड़ाया. रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी अफ्रीकी देश में उनकी रिहाई के लिए पिछले हफ्ते 4 मिलियन यूरो की फिरौती दी गई थी.
रमानी अभी कहां हैं?
गुजरात के अमरेली ज़िले के रहने वाले और सूरत के हीरा व्यापार से जुड़े रमानी के बारे में खबर है कि वे अभी भी माली में ही हैं, जहाँ रिहाई के बाद स्थानीय अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं. “उन्हें रिहा कर दिया गया है, लेकिन वे अभी भी माली में ही हैं.
स्थानीय पुलिस उनकी रिहाई और उससे जुड़े हालात के बारे में उनसे पूछताछ कर रही है,” एक सूत्र ने PTI को बताया. सूत्रों ने बताया कि रमानी के अमेरिका में रहने वाले परिवार ने बातचीत खुद ही संभाली; इस प्रक्रिया में भारत सरकार की किसी एजेंसी की कोई भूमिका नहीं थी.
कौन हैं धीरू रमानी?
रमानी अमरेली ज़िले के धार गाँव के रहने वाले हैं और लगभग 1980 से ही हीरे के कारोबार से जुड़े हुए हैं. बाद में वे अमेरिका चले गए, जहाँ उनका परिवार हीरों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार का काम करता है.
यह भी पढ़ें: Bangladesh के राष्ट्रपति ने क्यों दिया इस्तीफा, Sheikh Hasina ने क्या कहा?
क्या पहले कोई चेतावनी जारी की गई थी?
सरकारी समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अप्रैल में कथित अपहरण की घटना के समय, माली की राजधानी बमाको में भारतीय दूतावास ने एक सामान्य सुरक्षा एडवाइज़री जारी की थी. इसमें देश में मौजूद भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने को कहा गया था.
25 अप्रैल की इस एडवाइज़री में काटी और माली के अन्य हिस्सों में हाल की सुरक्षा स्थितियों और हमलों का ज़िक्र किया गया था. साथ ही, भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, घर के अंदर रहने और माली के अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया था. इस एडवाइज़री में किसी खास घटना या व्यक्ति का ज़िक्र नहीं किया गया था.
Last Updated on July 28, 2026 2:54 pm
