Mirabai Chanu Won Gold: वेटलिफ्टिंग क्वीन के उपनाम से मशहूर मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है. उन्होंने ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में 190 किलोग्राम वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया. 31 साल की वेटलिफ्टर ने स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स के नए रिकॉर्ड बनाए. इस जीत के साथ ही उन्होंने 2018 और 2022 की जीत के बाद लगातार तीसरा कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और PM ने दी बधाई
मीराबाई चानू को कॉमनवेल्थ गेम्स में इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है. राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने असाधारण हिम्मत, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन प्रदर्शन का परिचय दिया है. जबकि, उपराष्ट्रपति ने उनके समर्पण, मज़बूती और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ़ की. इसके अलावा प्रधानमंत्री ने इस जीत को भारतीय वेटलिफ्टिंग में एक और शानदार अध्याय बताया, उन्हें प्रेरणास्रोत कहा और उनके भविष्य में भी सफल होने की कामना की.
वेटलिफ्टिंग में भारत को 2 और मेडल
भारत ने वेटलिफ्टिंग में दो और सिल्वर मेडल जीते. चनंबम ऋषिकंत सिंह पुरुषों के 60 किलोग्राम इवेंट में कुल 264 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहे और सिल्वर मेडल जीता. उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स के रिकॉर्ड की बराबरी की और फिर क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम वजन उठाया.
राजा मुथुपांडी ने पुरुषों के 65 किलोग्राम कैटेगरी में कुल 286 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता. इसमें स्नैच में 126 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम वजन शामिल था. मलेशिया के मुहम्मद अज़नील बिन बिदिन ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता.
यह भी पढ़ें: Suryavanshi ने तोड़ा तेंदुलकर का रिकॉर्ड! बने हाफ सेंचुरी बनाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर
भारत ने बॉक्सिंग में भी आगे कदम बढ़ाया
जादुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को हराकर पुरुषों के 55 किलोग्राम क्वार्टर-फ़ाइनल में जगह बनाई, जबकि प्रीति पवार ने मलावी की डेबोरा मटेनजे को हराकर महिलाओं के 54 किलोग्राम क्वार्टर-फ़ाइनल में प्रवेश किया. अब भारत के पास कुल चार मेडल हो गए हैं- एक गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज. पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुषों के हैवीवेट इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का खाता खोला था.
Last Updated on July 27, 2026 4:45 pm
