रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा खतरा अक्सर वही होता है, जो तुरंत दिखाई नहीं देता। एक मरीज़ संक्रमण के साथ आता है, और डॉक्टर सबसे संभावित कारण के आधार पर इलाज शुरू कर देता है। लेकिन बैक्टीरिया पहले से ही उन मानक दवाओं के प्रति प्रतिरोधी हो सकते हैं, जो मरीज़ दी जा रही हैं। इस प्रतिरोध की पुष्टि करने में कई दिन लग सकते हैं, और जब तक डॉक्टर प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार करते हैं, संक्रमण उसे रोकने के लिए बनाई गई व्यवस्था की तुलना में तेज़ी से फैलता रह सकता है।
यही खामोश अनिश्चितता रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता, या एएमआर, को इतना खतरनाक बनाती है। यह केवल एक और बीमारी नहीं है। यह आधुनिक चिकित्सा की बुनियाद को ही कमज़ोर कर देता है, जिससे सामान्य संक्रमणों का इलाज करना कठिन हो जाता है। यह ऐसी चुनौती भी है, जिसके लिए बेहतर उपकरण, तेज़ी से जवाब और मजबूत साझेदारियों की आवश्यकता होती है।
यहीं पर डॉ. एशले स्टिचिन्स्की की भूमिका आती है। संक्रामक रोग विशेषज्ञ और यू.एस. सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) में मेडिकल ऑफिसर डॉ. स्टिचिन्स्की, एम्बेसी साइंस फेलोज़ प्रोग्राम के तहत भारत में हैं, ताकि यह समझा जा सके कि अमेरिका रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता (एएमआर) का आकलन करने और उससे निपटने के क्षेत्रीय प्रयासों में किस प्रकार सहयोग कर सकता है। उनका कार्य वैश्विक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य सुरक्षा और नई खोजों के मिलन स्थल पर है, विशेष रूप से तब, जब अमेरिका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को दवा-प्रतिरोधी संक्रमणों का अधिक प्रभावी ढंग से पता लगाने, निगरानी करने और उनसे निपटने के औजार के रूप में आगे बढ़ा रहा है।
भारत में डॉ. स्टिचिन्स्की की भूमिका यह पहचानना है कि स्थानीय प्राथमिकताएँ क्या हैं और कहाँ कमियाँ हैं, तथा कहाँ अमेरिका के साथ सहयोग सार्थक बदलाव ला सकता है। राष्ट्रीय कार्य योजनाएँ पहले से मौजूद हैं, लेकिन तेज़ निदान, मजबूत निगरानी और बड़े पैमाने पर लागू किए जा सकने वाले तकनीकी समाधानों की आवश्यकता अभी भी अत्यंत महत्वपूर्ण बनी हुई है।
वैश्विक प्राथमिकता
रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता के बढ़ते स्तर ने इसे वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरों की अग्रिम पंक्ति में ला खड़ा किया है। वर्षों तक स्वास्थ्य विशेषज्ञ एचआईवी, मलेरिया और तपेदिक को “बिग थ्री” कहते रहे, क्योंकि हर वर्ष इनसे बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु होती थी। अब रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता यानी एएमआर भी उसी श्रेणी में आ गया है।
डॉ. स्टिचिन्स्की बताती हैं, “पिछले कुछ वर्षों में, जब हम अधिक ठोस आंकड़े एकत्र करने में सक्षम हुए हैं, तब हमें यह समझ में आया है कि रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता भी उसी स्तर पर है, जिससे हर वर्ष दस लाख से अधिक लोगों की मौत हो रही है।” लेकिन एएमआर केवल इसलिए खतरा नहीं है कि यह सीधे तौर पर बड़ी संख्या में मौतों का कारण बनता है। यह इसलिए भी खतरनाक है क्योंकि यह उन चिकित्सीय उपकरणों और उपचार प्रणालियों को कमजोर कर देता है, जिन पर स्वास्थ्य सेवाओं के अनेक अन्य रूप निर्भर करते हैं।
वह कहती हैं, “आधुनिक चिकित्सा में हम जो कुछ भी करते हैं, उसका बड़ा हिस्सा इस बात पर निर्भर करता है कि एंटीबायोटिक्स संक्रमणों का प्रभावी ढंग से रोकथाम और इलाज कर सकें। इसमें नियमित सर्जरी, कीमोथेरेपी देना और एचआईवी का प्रबंधन जैसी चीजें शामिल हैं। ये सभी प्रभावी एंटीबायोटिक्स पर निर्भर हैं। यदि यह क्षमता समाप्त हो जाती है, तो यह उस स्वास्थ्य सेवा के बड़े हिस्से को कमजोर कर देगा, जिसे हम आवश्यक मानते हैं।”
यही कारण है कि एएमआर भारत और अमेरिका दोनों के लिए इतना महत्वपूर्ण मुद्दा है। यह केवल स्वास्थ्य संबंधी चुनौती नहीं है, बल्कि एक व्यवस्थागत चुनौती भी है—जो तैयारी, आर्थिक स्थिरता और स्वास्थ्य सेवाओं में जनता के विश्वास को प्रभावित करती है।
तेज़ पहचान की दौड़ एएमआर की सबसे कठिन बातों में से एक यह है कि यह खुद को स्पष्ट रूप से प्रकट नहीं करता। एक प्रतिरोधी संक्रमण शुरुआत में किसी सामान्य संक्रमण जैसा ही दिख सकता है। अंतर अक्सर प्रयोगशाला परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होता है, और इस प्रक्रिया में समय लगता है।
जब किसी को बैक्टीरियल संक्रमण होता है, तो यह पुष्टि करने के लिए कि बैक्टीरिया प्रतिरोधी है या नहीं, प्रयोगशालाओं को सामान्यतः उस जीवाणु को विकसित करना पड़ता है और विभिन्न एंटीबायोटिक्स के खिलाफ उसका परीक्षण करना पड़ता है। डॉ. स्टिचिन्स्की कहती हैं, “इसमें आमतौर पर कई दिन लगते हैं, और इस बीच आपके पास एक ऐसा मरीज़ होता है, जिसे प्रभावी इलाज नहीं मिल रहा होता है।
एएमआर से निपटने में यह एक निरंतर चुनौती बनी हुई है: ऐसे तेज़ निदान उपकरणों तक पहुंच, जो आपको बता सकें कि आप किससे जूझ रहे हैं और वह किन दवाओं के प्रति संवेदनशील है।” निदान संबंधी यही कमी उन प्रमुख कारणों में से एक है, जिनकी वजह से अमेरिका एआई-संचालित तरीकों में इतना अधिक निवेश कर रहा है। एआई वैज्ञानिकों और चिकित्सकों को विलंबित पुष्टि से आगे बढ़कर प्रारंभिक
पूर्वानुमान तक पहुँचने में मदद कर रहा है। डॉ. स्टिचिन्स्की कहती हैं, “निदान के क्षेत्र में एआई, विशेष रूप से मशीन लर्निंग, का उपयोग व्यक्तिगत बैक्टीरियल कोशिकाओं को देखने और एंटीबायोटिक्स के संपर्क में आने पर उनके व्यवहार को बहुत प्रारंभिक चरण में समझने के लिए किया जा रहा है, ताकि प्रतिरोध का अनुमान लगाया जा सके। यानी दिनों तक इंतजार करने के बजाय, आपको मिनटों या घंटों में परिणाम मिल सकता है।”
वह एआई के एक अन्य व्यावहारिक उपयोग की ओर भी संकेत करती हैं: चिकित्सकों को यह निर्णय लेने में मदद करना कि एंटीबायोटिक्स की आवश्यकता है भी या नहीं। “उदाहरण के लिए, एआई बैक्टीरिया की उन समान्य विशेषताओं की पहचान करने में मदद कर सकता है, जिससे बीमारी की पहचान हो सके, ताकि आप शुरुआत में ही इस प्रश्न का उत्तर दे सकें: क्या यह वायरल है या बैक्टीरियल, और क्या मुझे एंटीबायोटिक देनी चाहिए या नहीं?”
भारत जैसे देश के लिए, जहाँ पैमाना और गति दोनों महत्वपूर्ण हैं, ऐसी प्रगति सार्थक बदलाव ला सकती है। सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्रभाव एएमआर के खिलाफ लड़ाई में एआई की भूमिका केवल निदान तक सीमित नहीं है। डॉ. स्टिचिन्स्की यह भी बताती हैं कि एआई का उपयोग संक्रमण के रुझानों की निगरानी, संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण डेटा के विश्लेषण, और यहाँ तक कि नए एंटीबायोटिक्स की खोज को तेज़ करने के लिए भी किया जा रहा है। वह कहती हैं, “कई कंपनियाँ नए एंटीबायोटिक्स विकसित करने के लिए एआई-आधारित प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रही हैं। उनमें से कुछ सिर्फ कुछ ही घंटों में लाखों यौगिकों की जांच कर संभावित इलाज की पहचान कर सकती हैं।”
एक अन्य आशाजनक विकास उपचार संबंधी निर्णयों को मरीज के अनुसार अधिक सटीक बनाने से जुड़ा है। “कुछ शोधकर्ता बड़े भाषा मॉडल का उपयोग कर व्यक्तिगत एंटीबायोग्राम विकसित करने में सक्षम हुए हैं, जो विभिन्न प्रकार के प्रतिरोधी संक्रमणों के संभावित जोखिम का वर्गीकरण कर सकते हैं, ताकि अंतिम निदान का इंतजार करते समय एंटीबायोटिक्स अधिक सटीक रूप से निर्धारित की जा सकें।” फिर भी, इस क्षेत्र का अधिकांश काम अभी शुरुआती चरण में है। वह कहती हैं, “हम जानते हैं कि अक्सर किसी तकनीक के विकास और उसके उस ग्रामीण गाँव तक पहुँचने के बीच अंतर होता है, जहाँ उसकी वास्तव में सबसे अधिक आवश्यकता होती है।”
यही व्यावहारिक दृष्टिकोण उनके संदेश को प्रभावशाली बनाता है। अमेरिकी नेतृत्व केवल शक्तिशाली उपकरण विकसित करने तक सीमित नहीं है। यह भरोसेमंद साझेदारियाँ बनाने, व्यवस्थाओं को मज़बूत करने और संभावनाशील तकनीकों को व्यापक सार्वजनिक लाभ तक पहुँचाने में मदद करने के बारे में भी है। इसमें कार्ब-एक्स जैसे सार्वजनिक-निजी प्रयास शामिल हैं, जो उदाहरण है कि किस प्रकार अमेरिका ने नए निदान और उपचार पद्धतियों के शुरुआती विकास में मदद दी है, जिनमें नवीन एआई प्रयोग भी शामिल हैं, जिसमें भारत में साझेदारों को मदद शामिल है।
भारत की भूमिका
डॉ. स्टिचिन्स्की की वर्तमान फेलोशिप का उद्देश्य नेपाल और भारत में हितधारकों के साक्षात्कार सहित 80 से अधिक स्रोतों से जानकारी एकत्र करना है, ताकि यह समझा जा सके कि अमेरिका मौजूदा राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में किस प्रकार सहयोग कर सकता है। वह भारत को विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानती हैं, क्योंकि यहाँ वैज्ञानिक क्षमता और जमीनी स्तर की प्रासंगिकता दोनों मौजूद हैं। वह कहती हैं, “मुझे लगता है कि भारत तकनीकी और सूक्ष्मजीवविज्ञान दोनों क्षेत्रों में योगदान देने के लिए बहुत अच्छी स्थिति में है, क्योंकि जिन रोगजनकों को लेकर हम सबसे अधिक चिंतित हैं, उनमें से कई इसी क्षेत्र से आते हैं।”
यही संयोजन अमेरिका-भारत सहयोग को विशेष लाभ प्रदान करता है। एआई उपकरणों, डेटा विश्लेषण और नवप्रवर्तन को अवधारणा से कार्यान्वयन तक पहुँचाने में अमेरिकी नेतृत्व, भारतीय विशेषज्ञता, डेटा प्रणालियों और नवप्रवर्तन क्षमता के साथ मिलकर काम कर सकता है। वह कहती हैं, “अमेरिका और भारत के बीच सहयोग इन उपकरणों को इस तरह विकसित करने में मदद कर सकता है, जिससे सबसे उपयोगी और प्रभावशाली परिणाम प्राप्त हों। भारतीय संदर्भ में कई ऐसी माइक्रोब खासियतें हैं, जिनका उपयोग इन मॉडलों को अनुकूलित और बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है, ताकि अधिक उपयोगी परिणाम सामने आएँ।”
वह वैश्विक एएमआर आंकड़ों में भारत के बढ़ते योगदान, सीडीसी के साथ भागीदार समेत, को भी रेखांकित करती हैं। “भारत अपने एएमआर निगरानी तंत्र जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से डेटा उपलब्ध करा रहा है, जिसमें सीडीसी तकनीकी सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि हमें डेटा आधारित समाधान प्राप्त हों।”
भारत के लिए, भरोसेमंद और उच्च मानकों वाले अमेरिकी एआई ढाँचों का वादा इस बात में निहित है कि वे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप रहते हुए घरेलू क्षमता को मज़बूत कर सकते हैं। अमेरिका के लिए, यह कार्य एक समान रूप से महत्वपूर्ण लक्ष्य को दर्शाता है: साझा स्वास्थ्य खतरों का प्रारंभिक स्तर पर सामना कर, नवप्रवर्तन में निवेश कर, और बदलती सूक्ष्मजीवी दुनिया के साथ कदम मिलाकर चलने में सक्षम मज़बूत साझेदारियाँ बनाकर अमेरिका को अधिक स्वस्थ बनाना।
सौजन्य: स्पैन
Last Updated on May 21, 2026 9:36 pm
