– धीरेंद्र गुप्ता
MP School: पर्यटन और विकास के लिए पहचाने जाने वाले तामिया विकासखंड के दूरस्थ आदिवासी अंचल से शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है. ग्राम पंचायत चोपना के बीजाढाना गांव में शासकीय प्राथमिक शाला पिछले करीब दो महीने से अपने भवन के बिना खेत में बने एक कच्चे मकान में संचालित हो रही है. यहां छोटे बच्चे असुरक्षित और अस्थायी माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं.
तामिया अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है. क्षेत्र में विकास के नाम पर कई सरकारी योजनाएं संचालित होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बीजाढाना की जमीनी तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती है. ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में स्कूल भवन की मांग लंबे समय से की जा रही है. जनशिक्षक और ग्रामीण अधिकारियों को समस्या की जानकारी दे चुके हैं, लेकिन अब तक बच्चों के लिए स्थायी भवन की व्यवस्था नहीं हो सकी है.
जर्जर भवन में पढ़ाना बना खतरा
स्कूल में पढ़ा रहे अतिथि शिक्षकों के मुताबिक, पुराने विद्यालय भवन की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है. भवन के कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों से चर्चा की गई और स्कूल को अस्थायी रूप से खेत में बने एक कच्चे मकान में संचालित करने का फैसला लिया गया.
यानी सवाल सिर्फ स्कूल भवन का नहीं, बल्कि उन बच्चों की सुरक्षा का है जो रोज इसी अस्थायी व्यवस्था में पढ़ने पहुंच रहे हैं.
अधिकारियों को जानकारी, फिर भी कार्रवाई का इंतजार
जनशिक्षक दिलीप भारती ने बताया कि स्कूल की स्थिति की जानकारी कई उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
ग्रामीणों का कहना है कि जब पुराना भवन बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है तो वैकल्पिक और स्थायी व्यवस्था करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
विकास के दावों के बीच बड़ा सवाल
एक तरफ तामिया को पर्यटन और विकास के नक्शे पर आगे बढ़ाने की बात होती है, दूसरी तरफ बीजाढाना में बच्चों के लिए एक सुरक्षित स्कूल भवन तक उपलब्ध नहीं है.
सवाल यह है कि जब जर्जर भवन में बच्चों को पढ़ाना खतरे से खाली नहीं है, तो दो महीने बाद भी सुरक्षित और स्थायी विद्यालय भवन की व्यवस्था क्यों नहीं हुई?
क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
ये भी पढ़ें- NTA ने 600 Experts हटाए, अब Question Paper बनाने वालों की 4 स्तर पर जांच क्यों होगी?
बीजाढाना के बच्चों को भी सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा पाने का अधिकार है. अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस समस्या को कब गंभीरता से लेता है और गांव के बच्चों को उनका स्थायी स्कूल भवन कब तक मिल पाता है.
लोकेशन: बीजाढाना, ग्राम पंचायत चोपना, तामिया, छिंदवाड़ा
Last Updated on September 18, 2026 10:20 am
