सोनिया-मेनका गांधी में क्यों पड़ी दरार? संजय की मौत के बाद राजीव की राजनीति में एंट्री

सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging: A Journey of Love में गांधी परिवार के भीतर रिश्तों और राजनीतिक टकराव की कहानी सामने आई है. सोनिया ने मेनका गांधी से मतभेद, संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत, इंदिरा गांधी और मेनका के विवाद, वरुण गांधी से मुलाकात को लेकर तनाव और राजीव गांधी के राजनीति में आने की परिस्थितियों का जिक्र किया है.

राजीव-संजय गांधी के रिश्तों में कैसे आई दरार? सोनिया ने खोले पुराने राज
राजीव-संजय गांधी के रिश्तों में कैसे आई दरार? सोनिया ने खोले पुराने राज
एक ही घर में दो भाई, दो बहुएं और देश की सबसे ताकतवर राजनीतिक विरासत. शुरुआत में रिश्तों में अपनापन था, लेकिन धीरे-धीरे राजनीति, महत्वाकांक्षाओं और आपसी मतभेदों ने परिवार को ऐसे मोड़ पर पहुंचा दिया, जहां भाई आमने-सामने थे, बहुओं के बीच दूरी बढ़ चुकी थी और एक दिन घर की छोटी बहू को वह घर छोड़ना पड़ा.

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा Belonging: A Journey of Love में गांधी परिवार के भीतर की इस कहानी को अपनी यादों के जरिए दर्ज किया है. यह कहानी सिर्फ सोनिया और मेनका गांधी के रिश्तों की नहीं है. यह राजीव और संजय गांधी के बदलते संबंधों, इंदिरा गांधी की राजनीतिक चिंताओं और उस परिवार की भी कहानी है, जहां निजी जिंदगी और राजनीति के बीच की सीमा धीरे-धीरे खत्म होती चली गई.

यहां एक बात समझना जरूरी है. इस पूरे घटनाक्रम का बड़ा हिस्सा सोनिया गांधी के संस्मरण और उनके नजरिए पर आधारित है. मेनका गांधी और परिवार के दूसरे सदस्यों का पक्ष इस विवरण में समान विस्तार से मौजूद नहीं है. इसलिए इसे गांधी परिवार के भीतर की घटनाओं का सोनिया गांधी द्वारा प्रस्तुत संस्करण समझना चाहिए.

1. दो भाइयों की दुनिया: राजीव और संजय

राजीव गांधी और संजय गांधी, इंदिरा गांधी के दो बेटे थे. दोनों की दिलचस्पियां अलग थीं, लेकिन सोनिया गांधी के मुताबिक, एक समय ऐसा भी था जब दोनों भाई लगभग एक-दूसरे से अलग नहीं रहते थे.

राजीव को विमान उड़ाने का शौक था. उन्होंने राजनीति से दूरी बनाकर रखी और एक कमर्शियल पायलट के रूप में अपना करियर चुना. उनकी जिंदगी में परिवार, बच्चे, संगीत, फोटोग्राफी और निजी रुचियों के लिए जगह थी.

दूसरी तरफ संजय गांधी को कारों और मशीनों में दिलचस्पी थी. वह अपना कार प्रोजेक्ट आगे बढ़ाना चाहते थे. सोनिया के मुताबिक, संजय का स्वभाव बेहद प्रतिस्पर्धी था. अगर राजीव कोई काम करते, तो संजय भी उसे करने की कोशिश करते. राजीव तैराकी में अच्छे थे तो संजय भी तैराकी सीखते. राजीव को फोटोग्राफी पसंद थी तो संजय भी कैमरा उठाने लगते.

सोनिया लिखती हैं कि संजय अपने बड़े भाई को पसंद भी करते थे और उनसे थोड़ा सतर्क भी रहते थे. राजीव जरूरत पड़ने पर उन्हें डांटने से पीछे नहीं हटते थे.

सोनिया ने संजय के व्यक्तित्व का एक दूसरा पहलू भी बताया है. उनके मुताबिक, संजय का व्यवहार कई बार रूखा और अक्खड़ दिखाई देता था, लेकिन उनके भीतर उदारता, अपनापन और हास्यबोध भी था. वह दोस्तों के साथ अच्छे साथी साबित होते थे.

यानी दोनों भाइयों के बीच प्रतिस्पर्धा थी, लेकिन रिश्ता सिर्फ प्रतिस्पर्धा का नहीं था. एक समय दोनों के बीच गहरा अपनापन भी था.

2. मेनका गांधी की एंट्री: छोटी बहू बनकर आईं

सोनिया गांधी के मुताबिक, 1973 के आखिर में संजय गांधी की मुलाकात मेनका आनंद से हुई. मेनका उनसे उम्र में करीब दस साल छोटी थीं और उस समय नाबालिग थीं.

इंदिरा गांधी को इस उम्र के अंतर को लेकर चिंता थी. उन्हें लगता था कि संजय उम्र में बड़े और अपने स्वभाव में काफी दृढ़ हैं, जबकि मेनका बहुत छोटी हैं. दोनों के लिए एक-दूसरे के साथ तालमेल बैठाना आसान नहीं होगा.

लेकिन संजय मेनका से शादी करना चाहते थे. जुलाई 1974 में दोनों की सगाई हुई और सितंबर 1974 में शादी हो गई. शादी के बाद मेनका गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर घर में आईं.

सोनिया बताती हैं कि शुरुआत में उन्हें मेनका का घर में आना अच्छा लगा था. वह मेनका को हंसमुख, बातूनी और उत्साह से भरी हुई लड़की के रूप में याद करती हैं. मेनका को दोस्तों और किताबों के बारे में बातें करना पसंद था. उनकी हंसी कई बार घर में सुनाई देती थी.

सोनिया की बेटी प्रियंका भी अपनी चाची मेनका के कमरे में बैठकर उनसे कहानियां सुना करती थीं.

सोनिया लिखती हैं कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि घर में दोनों बहुओं के लिए पर्याप्त जगह है. वह खुद को और मेनका को परिवार की बराबर की बेटियां मानती थीं.

लेकिन कुछ समय बाद घर का माहौल बदलने लगा.

3. बहुरानी और छोटी बहू: रिश्तों में पहली दरार

गांधी परिवार के घर में स्टाफ सोनिया को ‘बहुरानी’ कहकर बुलाता था. मेनका, जो छोटे बेटे संजय की पत्नी थीं, उन्हें ‘छोटी बहू’ कहा जाता था.

सोनिया के मुताबिक, यह सिर्फ परिवार में दोनों बहुओं को अलग-अलग पहचानने का पारंपरिक तरीका था. उनके मन में इस संबोधन को लेकर कोई भेदभाव नहीं था. वह मानती थीं कि दोनों परिवार की बराबर की सदस्य हैं.

लेकिन सोनिया को लगता था कि मेनका ने शायद ‘छोटी बहू’ कहे जाने को अपने लिए कमतर समझे जाने के रूप में लिया.

सोनिया लिखती हैं कि जब मेनका उनसे रूखे ढंग से बात करती थीं तो वह अक्सर घर में शांति बनाए रखने के लिए चुप रह जाती थीं. लेकिन जब उन्हें लगता कि बात हद से आगे बढ़ रही है, तो वह भी संक्षिप्त और सख्त जवाब देती थीं.

तनाव सिर्फ दोनों बहुओं के बीच नहीं था. सोनिया के अनुसार, संजय और मेनका के बीच भी कई बार बहस होती थी. उनके बीच कहासुनी तेज हो जाती थी और कभी-कभी मेनका गुस्से में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, जिन्हें उस घर में अनुचित माना जाता था. सोनिया के मुताबिक, इससे संजय असहज होते थे और परिवार के दूसरे सदस्य भी हैरान रह जाते थे.

सोनिया यह भी मानती हैं कि संयुक्त परिवार का माहौल मेनका जैसी मिलनसार और सामाजिक स्वभाव की युवा महिला के लिए आसान नहीं रहा होगा.

इंदिरा गांधी दिनभर काम में व्यस्त रहती थीं. संजय अपने कार प्रोजेक्ट में लगे रहते थे. राजीव पायलट की नौकरी और अपने शौक में व्यस्त थे. सोनिया घर और बच्चों की जिम्मेदारी संभालती थीं.

सोनिया के अनुसार, घर में मनोरंजन के नाम पर कभी फिल्म देखना, रविवार को गाड़ी से घूमना, दोस्तों से मिलना, संगीत सुनना या किताबें पढ़ना ही होता था. उन्हें लगता था कि मेनका को यह जीवन नीरस और अनुशासित लग सकता था.

बाद में जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने लगीं और उन्होंने Surya नाम की पत्रिका शुरू की, तब वह इस दुनिया में अधिक सक्रिय दिखाई देने लगीं. इस पत्रिका में उनकी मां निदेशक और मेनका संपादक थीं.

4. संजय की राजनीति और राजीव की चिंता

इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी का राजनीतिक प्रभाव तेजी से बढ़ा. सोनिया गांधी के मुताबिक, संजय के पास कोई संवैधानिक पद नहीं था, लेकिन वह फैसले लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे.

सोनिया लिखती हैं कि राजीव कई बार अपने छोटे भाई को उसके फैसलों और तौर-तरीकों को लेकर आगाह करते थे. लेकिन धीरे-धीरे दोनों भाइयों के बीच बातचीत कम होने लगी.

सोनिया के अनुसार, संजय की शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों भाइयों के रिश्ते में बदलाव दिखने लगा था. जब मेनका मौजूद होती थीं तो संजय पहले की तरह राजीव और सोनिया के साथ सहज नहीं रहते थे.

एक साझा परिचित ने राजीव को बताया कि मेनका ने किसी बातचीत में यह संकेत दिया था कि राजीव अपने भाई संजय से ईर्ष्या करते हैं.

यह बात राजीव को बहुत बुरी लगी. सोनिया लिखती हैं कि राजीव को अपने पायलट के काम और शांत पारिवारिक जीवन से संतोष था. वह सार्वजनिक जीवन और राजनीति से दूर रहना चाहते थे. ऐसे में संजय से ईर्ष्या करने की बात उन्हें गलत लगी.

इसके बाद राजीव ने संजय से सवाल पूछने और उन्हें जानकारी देने में सावधानी बरतनी शुरू कर दी. उन्हें आशंका थी कि उनकी बातों को गलत अर्थ दिया जा सकता है और उन पर ईर्ष्या या बेवफाई का आरोप लगाया जा सकता है.

हालांकि, सोनिया के मुताबिक, राजीव अपनी मां इंदिरा गांधी को उन बातों से अवगत कराते रहे, जिन्हें वह उनके लिए जानना जरूरी समझते थे.

5. इमरजेंसी, संजय गांधी और इंदिरा की बढ़ती चिंता

सोनिया गांधी अपनी किताब में इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी की भूमिका पर आलोचनात्मक टिप्पणी करती हैं.

उनके मुताबिक, संजय तेजी से फैसले लेने में विश्वास करते थे. उन्हें सरकारी मशीनरी की धीमी प्रक्रिया पसंद नहीं थी. वह कई बार अपनी मां की जानकारी या सहमति के बिना भी राजनीतिक मामलों में हस्तक्षेप करते थे.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को धीरे-धीरे यह महसूस होने लगा था कि संजय का प्रभाव उनकी सरकार और पार्टी के भीतर बहुत बढ़ गया है.

1976 में संजय के एक इंटरव्यू ने भी इंदिरा गांधी को परेशान किया. सोनिया के अनुसार, संजय ने उस इंटरव्यू में सोवियत संघ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और अपनी मां की कुछ नीतियों की आलोचना की थी. इंदिरा गांधी इससे नाराज और चिंतित हुईं. उन्होंने राजीव और सोनिया के सामने अपनी परेशानी जताई और कहा कि संजय उनकी बात नहीं सुनते.

सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी को यह भी चिंता थी कि मेनका संजय को संयमित करने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रही हैं. वह मेनका के राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर भी परेशान थीं.

सोनिया ने अपनी किताब में इंदिरा गांधी की वह टिप्पणी दर्ज की है, जो उन्होंने कैबिनेट सचिव पी.एन. धर से मेनका के बारे में कही थी – ‘उसके अभी से पर निकलने लगे हैं.’

इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी का नाम कई विवादित फैसलों से जुड़ा. सोनिया के अनुसार, उनके पास संवैधानिक अधिकार नहीं होने के बावजूद फैसलों में उनका प्रभाव था. वह यह भी लिखती हैं कि बाद में इंदिरा गांधी को महसूस हुआ कि संजय को नियंत्रण में रखा गया होता तो इमरजेंसी के दौरान हुई कई ज्यादतियों को रोका जा सकता था.

यहां सोनिया का विवरण परिवार के भीतर की चिंता और राजनीतिक जिम्मेदारी के सवाल को एक साथ सामने लाता है.

6. 1977 की हार: जब राजीव ने संजय को जिम्मेदार ठहराया

1977 में इमरजेंसी खत्म हुई और लोकसभा चुनाव हुए. कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा. इंदिरा गांधी रायबरेली से और संजय गांधी अमेठी से चुनाव हार गए.

सोनिया गांधी याद करती हैं कि चुनाव परिणाम आने के समय घर में तनाव का माहौल था. संजय और मेनका अमेठी में थे. राजीव लगातार फोन करके अपने भाई की खबर ले रहे थे. उन्हें डर था कि चुनाव हारने के बाद संजय पर हमला हो सकता है.

सोनिया के मुताबिक, संजय और मेनका को कुछ लोगों ने घेरने की कोशिश की थी. दोनों किसी तरह एक जीप लेकर पास की हवाई पट्टी तक पहुंचे.

संजय उस समय बेहद परेशान और निराश दिखाई दे रहे थे. सोनिया लिखती हैं कि उनका सामान्य आत्मविश्वास उस दिन गायब था.

बाद में राजीव ने इमरजेंसी के दौरान संजय के कामकाज और उनके फैसलों को कांग्रेस की हार की बड़ी वजहों में से एक माना.

सोनिया के अनुसार, राजीव का मानना था कि संजय की जिद, जल्दबाजी, बिना पूरी तैयारी के योजनाओं को लागू करने की कोशिश और सलाह न मानने की आदत ने इंदिरा गांधी को भारी राजनीतिक नुकसान पहुंचाया.

एक पारिवारिक बातचीत में राजीव ने संजय से बेहद नाराज होकर कहा कि वह उन्हें माफ नहीं कर सकते, क्योंकि उनके कारण उनकी मां को इस स्थिति का सामना करना पड़ा.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी ने भी उस बातचीत में राजीव की बात का समर्थन किया. उन्होंने संजय से कहा कि उन्होंने कई बार उनकी जानकारी के बिना आदेश दिए थे.

इस बातचीत में मेनका ने हस्तक्षेप किया. सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने उनसे भी उन आरोपों को गलत साबित करने को कहा. मेनका पीछे हट गईं, लेकिन इस घटना के बाद उनके और परिवार के बाकी सदस्यों के बीच दूरी और बढ़ गई.

सोनिया का आरोप है कि मेनका की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां परिवार के लिए लगातार परेशानी का कारण बनने लगी थीं. वह यह भी लिखती हैं कि मेनका अपने पत्रकार परिचितों के जरिए उनके और राजीव के बारे में कहानियां फैलाती थीं. इनमें एक दावा यह भी था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागना चाहते थे. सोनिया इसे झूठा आरोप बताती हैं.

7. संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत: परिवार पर टूटा दुख

23 जून 1980 की सुबह संजय गांधी सफदरजंग हवाई अड्डे से एक पिट्स एरोबैटिक विमान उड़ाने निकले. सोनिया गांधी के मुताबिक, संजय को इस विमान को उड़ाने का बहुत उत्साह था.

राजीव ने पहले ही संजय को सावधान किया था. उन्होंने कहा था कि विमान उड़ाने से पहले पर्याप्त प्रशिक्षण जरूरी है. सोनिया लिखती हैं कि राजीव ने इटली जाने से पहले इंदिरा गांधी से भी कहा था कि संजय को उचित प्रशिक्षण के बिना विमान उड़ाने की अनुमति न दी जाए.

लेकिन उस सुबह विमान उड़ान भर चुका था. कुछ ही मिनट बाद संजय एक एरोबैटिक करतब के दौरान विमान पर नियंत्रण खो बैठे. विमान जमीन पर गिरा और संजय गांधी तथा उनके सह-पायलट कैप्टन सुभाष सक्सेना की मौत हो गई.

सोनिया के वर्णन में इस दुर्घटना का सबसे मार्मिक दृश्य इंदिरा गांधी का है. वह अपने बेटे के शव के पास पहुंचीं. राजीव और सोनिया भी वहां पहुंचे. इंदिरा गांधी ने दोनों को गले लगाया, बच्चों को अपने पास किया और फिर राजीव के साथ बैठकर फूट-फूटकर रोने लगीं.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी बार-बार कह रही थीं – संजय क्यों, वह क्यों? उसकी जगह मैं क्यों नहीं?

राजीव की आंखों में भी आंसू थे.

संजय की उम्र उस समय 34 साल भी पूरी नहीं हुई थी. उनकी पत्नी मेनका लगभग 23 वर्ष की थीं और उनका बेटा वरुण सिर्फ तीन महीने का था.

संजय की मौत ने इंदिरा गांधी को व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों स्तरों पर बड़ा झटका दिया. वह उनके सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगियों में से एक थे. उनके जाने के बाद परिवार में एक खालीपन पैदा हुआ.

8. संजय की मौत के बाद: मेनका के लिए राजनीतिक भूमिका की मांग

संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका एक युवा विधवा थीं और उनका बेटा वरुण अभी शिशु था.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी अपनी बहू को लेकर चिंतित थीं. वह समय-समय पर उनके कमरे में जाकर देखती थीं कि वह ठीक हैं या नहीं. उन्होंने मेनका को कुछ समय के लिए लंदन जाकर अपने रिश्तेदार के साथ रहने का सुझाव भी दिया.

सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने मेनका को अपने साथ विदेश यात्राओं पर भी ले जाना शुरू किया. अगस्त 1981 में केन्या की आधिकारिक यात्रा पर मेनका उनके साथ गईं. उसी साल नवंबर में फ्रांस और इटली की यात्रा पर भी इंदिरा ने सोनिया और मेनका दोनों को साथ चलने के लिए कहा.

सोनिया एक प्रसंग याद करती हैं कि पेरिस में इंदिरा गांधी मेनका को गर्म कोट दिलाने के लिए दुकान तक ले गईं, क्योंकि उन्हें चिंता थी कि मेनका के पास ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं हैं.

लेकिन दूसरी तरफ, संजय के राजनीतिक समर्थकों के बीच यह मांग उठने लगी कि उनकी विधवा को पार्टी में कोई राजनीतिक जिम्मेदारी दी जाए.

सोनिया के मुताबिक, मेनका की मां और संजय के कुछ समर्थक इस मांग को आगे बढ़ा रहे थे. उन्हें आशंका थी कि संजय की मौत के बाद पार्टी में उनका प्रभाव कम हो जाएगा.

सोनिया लिखती हैं कि कुछ लोगों ने मेनका को संजय की राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी बताना शुरू कर दिया था. लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि मेनका उस समय बहुत युवा और अनुभवहीन थीं. वह उन्हें तत्काल कोई बड़ी नेतृत्वकारी भूमिका देने के पक्ष में नहीं थीं.

यहां से परिवार के भीतर का तनाव राजनीतिक उत्तराधिकार के सवाल से जुड़ने लगा.

9. मेनका और इंदिरा के बीच टकराव: सुर्या पत्रिका से लखनऊ रैली तक

सोनिया गांधी के अनुसार, संजय की मौत के बाद मेनका की राजनीतिक भूमिका को लेकर परिवार के भीतर मतभेद बढ़ते गए.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को मेनका की कुछ राजनीतिक गतिविधियों पर आपत्ति थी. इनमें Surya पत्रिका की बिक्री से जुड़ा एक मामला भी शामिल था. सोनिया के मुताबिक, पत्रिका ऐसे व्यक्ति को बेची गई, जिसका संबंध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से बताया गया था.

इंदिरा गांधी के लिए यह सिर्फ व्यावसायिक फैसला नहीं था. सोनिया के वर्णन में यह परिवार की राजनीतिक विचारधारा और इंदिरा गांधी की पुरानी राजनीतिक लड़ाई से जुड़ा मामला था.

टकराव का निर्णायक क्षण तब आया जब मेनका ने लखनऊ में एक ऐसी रैली में हिस्सा लिया, जिसे सोनिया के मुताबिक गैर-राजनीतिक बताया जा रहा था, लेकिन उसका आयोजन कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं ने किया था.

उस समय इंदिरा गांधी आधिकारिक यात्रा पर लंदन में थीं. उन्हें खबर मिली कि मेनका अपने कमरे से सामान निकलवा रही हैं. इंदिरा को लगा कि मेनका घर छोड़ने की तैयारी कर रही हैं.

लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका से बात की. सोनिया के अनुसार, इंदिरा ने उनसे कहा कि परिवार का हिस्सा रहते हुए वह ऐसी राजनीतिक गतिविधियों में शामिल नहीं रह सकतीं, जिन्हें इंदिरा अपने प्रति अविश्वास या अवज्ञा मानती थीं.

इंदिरा ने मेनका के सामने विकल्प रखा – या तो वह ऐसी राजनीतिक गतिविधियां छोड़ दें या फिर कहीं और जाकर रहें.

इसके बाद दोनों के बीच पत्रों का आदान-प्रदान हुआ. सोनिया लिखती हैं कि मेनका के जवाब में इंदिरा गांधी के खिलाफ कई आरोप लगाए गए. सोनिया का दावा है कि मेनका पहले से ही घर छोड़ने की योजना बना रही थीं और इस घटनाक्रम को सार्वजनिक विवाद का रूप देना चाहती थीं.

यहां एक महत्वपूर्ण बात भी है. सोनिया खुद स्वीकार करती हैं कि जिस समय मेनका घर से गईं, उस समय वह और राजीव घर में मौजूद तो थे, लेकिन दोनों के बीच हुई वास्तविक बहस के प्रत्यक्षदर्शी नहीं थे. उन्हें पूरी घटना इंदिरा गांधी ने बाद में बताई थी.

मीडिया में मेनका का पक्ष भी प्रकाशित हुआ और सोनिया के अनुसार, उस समय सार्वजनिक बहस में इंदिरा के साथ-साथ राजीव और सोनिया को भी मेनका के घर छोड़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया.

सोनिया इस पूरे प्रकरण को एक बड़े प्रचार अभियान के रूप में याद करती हैं. उनके मुताबिक, घर के भीतर का विवाद सार्वजनिक तमाशे में बदल गया.

10. वरुण गांधी से मिलने का विवाद

मेनका के घर छोड़ने के बाद विवाद सिर्फ राजनीतिक नहीं रहा. वह परिवार के निजी रिश्तों और वरुण गांधी से मिलने के अधिकार तक पहुंच गया.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी ने मेनका से अनुरोध किया था कि वरुण को कम से कम हर रविवार उनसे मिलने भेजा जाए. शुरुआत में मेनका ने सहमति दी, लेकिन सोनिया के मुताबिक, यह नियमित रूप से नहीं हुआ.

कुछ मौकों पर वरुण को दादी से मिलने दिया गया, लेकिन सोनिया का आरोप है कि कई बार मुलाकात के दौरान ही मेनका का फोन आ जाता और बच्चे को तुरंत वापस बुला लिया जाता.

बाद में मुलाकातें बंद हो गईं. सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी ने अपने पोते से मिलने के लिए कानूनी रास्ता अपनाया.

वरुण के चौथे जन्मदिन पर भी इंदिरा गांधी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिली. सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा ने वरुण के स्कूल में उनके लिए उपहार भिजवाए. अगले दिन अखबारों में मेनका के आरोप प्रकाशित हुए कि सोनिया को बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा गया था.

सोनिया इस आरोप को गलत बताती हैं. उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी के वकील को मेनका की ओर से जवाब दिया गया कि यदि वह वरुण से मिलना चाहती हैं तो उन्हें मेनका के घर आना चाहिए.

इस तरह एक परिवार के भीतर दादी और पोते का रिश्ता भी राजनीतिक और कानूनी विवाद में उलझ गया.

11. राजीव गांधी राजनीति से दूर रहना चाहते थे, लेकिन संजय की मौत ने सब बदल दिया

संजय गांधी की मौत के बाद इंदिरा गांधी के पास राजनीतिक रूप से भरोसेमंद पारिवारिक सहयोगी के रूप में राजीव गांधी ही बचे थे.

सोनिया के मुताबिक, संजय की मृत्यु के बाद जब लोग शोक व्यक्त करने घर आने लगे तो धीरे-धीरे इन मुलाकातों का स्वरूप बदलने लगा. शोक जताने आए कुछ लोग राजीव से राजनीति में आने की मांग करने लगे.

सोनिया को इस बदलाव से डर लगने लगा था. उन्हें लगा कि लोग राजीव को राजनीति में धकेल रहे हैं.

राजीव और सोनिया की जिंदगी उस समय तक अपेक्षाकृत सामान्य थी. राजीव पायलट थे. उनके पास अपने काम का समय था, परिवार के साथ रहने का अवसर था और निजी रुचियों के लिए भी जगह थी.

सोनिया लिखती हैं कि राजीव को उड़ान भरना पसंद था. उनका पायलट का पेशा उन्हें संतुष्टि देता था. दोनों बच्चों राहुल और प्रियंका के साथ एक शांत पारिवारिक जीवन जी रहे थे.

लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही थीं.

सोनिया बताती हैं कि वह राजीव के राजनीति में आने के विचार का विरोध कर रही थीं. उन्होंने लगभग एक साल तक उन्हें मनाने की कोशिश की. दोनों के बीच इस मुद्दे पर बहस होती थी. सोनिया को डर था कि राजनीति उनके परिवार की आजादी और सामान्य जीवन को खत्म कर देगी.

वह लिखती हैं कि वह सिर्फ एक नौकरी या करियर के लिए नहीं लड़ रही थीं, बल्कि उस राजीव के लिए लड़ रही थीं जिसे वह जानती थीं और प्यार करती थीं.

लेकिन राजीव पर दबाव बढ़ता गया. आखिरकार सोनिया को लगा कि वह उन्हें और रोक नहीं सकतीं. उन्होंने फैसला किया कि वह राजीव के साथ रहेंगी, चाहे उन्हें राजनीति की दुनिया में ही क्यों न जाना पड़े.

सोनिया के मुताबिक, 1981 की गर्मियों में राजीव का राजनीति में प्रवेश उनके जीवन का निर्णायक मोड़ था.

12. अमेठी का चुनाव: राजीव बनाम मेनका

संजय गांधी की मृत्यु के बाद अमेठी लोकसभा सीट खाली हो गई थी. राजीव गांधी को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया.

सोनिया गांधी के मुताबिक, उस समय मेनका की उम्र 25 साल से कम थी, इसलिए वह लोकसभा चुनाव लड़ने की कानूनी पात्रता पूरी नहीं करती थीं.

राजीव गांधी ने 11 मई 1981 को अमेठी से अपना नामांकन दाखिल किया. उन्होंने चुनाव में करीब दो लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की.

इसके बाद राजीव कांग्रेस के महासचिव बने और उन्हें युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवा दल जैसे संगठनों की जिम्मेदारी मिली. उनका राजनीतिक जीवन अब तेजी से आगे बढ़ने लगा.

लेकिन मेनका और राजीव के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ती गई.

सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने अपना राजनीतिक संगठन ‘संजय विचार मंच’ बनाया और राजीव के खिलाफ चुनाव प्रचार किया. सोनिया के मुताबिक, मेनका ने उनके और राजीव के खिलाफ आरोप लगाए. वह अपने छोटे बेटे वरुण को भी चुनाव प्रचार के दौरान साथ लेकर जाती थीं.

सोनिया इस दृश्य को अपने लिए पीड़ादायक बताती हैं. उनके मुताबिक, परिवार का वह बच्चा, जिसे वे सब प्यार करते थे, राजनीतिक प्रचार का हिस्सा बन गया था.

यह वही परिवार था, जहां कुछ साल पहले दोनों भाइयों के बच्चे एक साथ खेलते थे. अब एक भाई की विधवा दूसरे भाई के खिलाफ चुनावी मैदान में थी.

13. एक परिवार, कई अलग-अलग रास्ते

सोनिया गांधी की आत्मकथा में राजीव और संजय के रिश्ते की कहानी एक बड़े बदलाव को दिखाती है.

संजय की राजनीतिक सक्रियता ने उन्हें इंदिरा गांधी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल कर दिया था. लेकिन उसी दौर में उनके फैसलों और कार्यशैली को लेकर राजीव की चिंता बढ़ी. 1977 की हार के बाद दोनों भाइयों के बीच मतभेद खुलकर सामने आए.

संजय की मौत के बाद राजीव राजनीति में आए. मेनका ने अपनी राजनीतिक राह चुनी. सोनिया ने परिवार को बचाए रखने और राजीव को राजनीति से दूर रखने की कोशिश की, लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें भी राजनीतिक जीवन के करीब ला दिया.

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव प्रधानमंत्री बने. 1991 में राजीव गांधी की हत्या ने सोनिया की जिंदगी को फिर एक बार बदल दिया. बाद में वह कांग्रेस की राजनीति में आईं और पार्टी का नेतृत्व संभाला.

मेनका गांधी ने भी अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई. लेकिन इस आत्मकथा का फोकस मुख्य रूप से उस दौर में परिवार के भीतर पैदा हुए तनाव और घटनाओं को सोनिया की नजर से दर्ज करना है.

14. इस कहानी का सबसे बड़ा सवाल

Belonging: A Journey of Love पढ़ते हुए एक बात लगातार सामने आती है – गांधी परिवार में राजनीति कभी घर के बाहर नहीं रही.

इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं. संजय गांधी का राजनीतिक प्रभाव बढ़ रहा था. राजीव राजनीति से दूर रहना चाहते थे. सोनिया अपने परिवार को सामान्य जिंदगी देना चाहती थीं. मेनका अपनी अलग पहचान और राजनीतिक भूमिका चाहती थीं.

इन सभी इच्छाओं और परिस्थितियों के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ता गया.

सोनिया की आत्मकथा इस पूरे घटनाक्रम को उनके अनुभवों और स्मृतियों के आधार पर सामने रखती है. मेनका के बारे में उनके आरोप और इंदिरा गांधी के साथ मेनका के विवाद का उनका वर्णन किताब का एक पक्ष है. इस कहानी को पूरी तरह समझने के लिए मेनका गांधी के अपने बयान और उस दौर के स्वतंत्र ऐतिहासिक दस्तावेज भी महत्वपूर्ण होंगे.

लेकिन सोनिया की किताब से इतना साफ होता है कि गांधी परिवार के भीतर जो दरारें थीं, वे अचानक पैदा नहीं हुई थीं. उनके पीछे कई वर्षों की राजनीतिक खींचतान, पारिवारिक असहमतियां और बदलती परिस्थितियां थीं.

एक समय दो भाई एक-दूसरे के बेहद करीब थे. फिर उनके रास्ते अलग हुए. एक भाई की मौत के बाद दूसरा राजनीति में आया. एक बहू ने परिवार के साथ रहने की कोशिश की, दूसरी ने अलग राजनीतिक रास्ता चुना. और इस पूरे घटनाक्रम के बीच इंदिरा गांधी को अपने परिवार और अपनी राजनीतिक विरासत – दोनों को संभालना पड़ा.

ये भी पढ़ें- सोनिया गांधी की किताब में बड़े खुलासे: मोदी, वाजपेयी, अमिताभ बच्चन और इमरजेंसी पर क्या लिखा?

यह सिर्फ गांधी परिवार की कहानी नहीं, बल्कि उस दौर की भारतीय राजनीति की भी कहानी है, जहां सत्ता के फैसले घरों के भीतर लिए जाते थे और घरों के रिश्ते राजनीति के फैसलों से प्रभावित होते थे.

Last Updated on November 12, 2026 7:06 am

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *