CRPF के एक प्रवक्ता ने कुलगाम में CRPF नाके पर गोलीबारी की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई. बताया गया कि हमलावरों में से एक के विदेशी आतंकवादी होने का संदेह है, जिसका संबंध आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से बताया जा रहा है. गोलीबारी करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
हमले में कॉन्स्टेबल राकेश दास के पैर में चोट आई है. वहीं, कॉन्स्टेबल संतोष चादरू के पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है. हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगने से चोट आई है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “घायल जवानों में दो कॉन्स्टेबल और एक हेड कॉन्स्टेबल शामिल हैं. उन्हें अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.” तीन में से दो जवानों की हालत गंभीर बताई गई है.
अधिकारी के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने पुल की सुरक्षा में तैनात CRPF जवानों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाने के लिए सुरक्षा बलों की टीमें रवाना कर दी गई हैं.
लतीफ भट से हमलावरों का कनेक्शन?
सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, इस हमले के पीछे लतीफ भट के सहयोगियों का हाथ होने का संदेह है. लतीफ भट पर पहले भी इसी तरह के हमलों में शामिल होने का आरोप रहा है. उसे द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का कथित ऑपरेटिव बताया गया है.
सुरक्षा प्रतिष्ठान के एक सूत्र ने ThePrint को बताया, “भट इलाके में दो विदेशी आतंकवादियों के साथ घूम रहा है. ऐसा लगता है कि इसी समूह ने यह हमला किया है, जैसे कि वे पहले भी दो हमलों को अंजाम दे चुके हैं.”
इससे पहले 22 जुलाई को अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस के 35 वर्षीय एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. CCTV फुटेज में संदिग्ध हमलावर AK-47 लिए दिखाई दिया था. बाद में लश्कर-ए-तैयबा का फ्रंट माने जाने वाले द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी.
इसके एक सप्ताह से कुछ अधिक समय बाद, 31 जुलाई को कुलगाम में एक और हमला हुआ था, जिसमें छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी गई थी.
सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों हमलों को भी लतीफ भट ने अंजाम दिया था.
बताया जाता है कि लतीफ भट पेशे से स्थानीय बढ़ई था. नवंबर 2025 में वह कुलगाम स्थित अपने घर से लापता हो गया और बाद में आतंकी संगठन में शामिल हो गया. सूत्रों के अनुसार, कुलगाम और शोपियां के ऊंचाई वाले इलाकों में उसे प्रशिक्षण दिया गया और इसके बाद TRF में शामिल किया गया.
ये भी पढ़ें- EVM में वोटों की गिनती पर बड़ा सवाल, 51 सीटों के रिकॉर्ड में बड़ी गड़बड़ी का दावा
सूत्रों का दावा है कि पाकिस्तान स्थित घोषित आतंकवादी सज्जाद गुल ने उसकी भर्ती की थी.
Last Updated on November 12, 2026 7:56 am
