केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, जहांगीरपुरी में AQI 433 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है. चांदनी चौक में यह 418 और मुंडका में 417 रहा. वहीं, आनंद विहार में AQI 335 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह 301, आरके पुरम में 364 और लोधी रोड में 370 दर्ज किया गया.
सुबह करीब 4:20 बजे ITO का AQI 406 रहा, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है. राजधानी के कई अन्य इलाके भी ‘बेहद खराब’ वायु गुणवत्ता की चपेट में रहे. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, रात 1:30 बजे राजीव चौक का AQI 381 दर्ज किया गया, जबकि सुबह 4 बजे साउथ एक्सटेंशन के आसपास यह 360 रहा.
इस बीच, एक निजी वेबसाइट AQI के आंकड़ों में अमेरिकी मानकों के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 955 दर्ज किया गया, जिसे ‘खतरनाक’ श्रेणी में रखा गया. वहीं, उसी वेबसाइट के भारतीय मानकों के अनुसार AQI 787 बताया गया. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि CPCB और AQI US के प्रदूषण मापने के पैमाने अलग-अलग हैं.
VIDEO | Delhi: Thick layer of smog engulfs the National Capital following Diwali firecracker celebrations. Visuals from Inderlok Metro Station. (Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/mYy7mIKN38
— Press Trust of India (@PTI_News) November 8, 2026
CPCB के अनुसार, AQI का वर्गीकरण इस प्रकार है:
- 0-50: अच्छा (Good)
- 51-100: संतोषजनक (Satisfactory)
- 101-200: मध्यम (Moderate)
- 201-300: खराब (Poor)
- 301-400: बेहद खराब (Very Poor)
- 401-500: गंभीर (Severe)
कपिल मिश्रा का केजरीवाल पर हमला
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अपने आवास पर दिवाली और सनातन धर्म को निशाना बनाने के लिए प्रदूषण की आड़ में एक अभियान आयोजित कर रहे हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में मिश्रा ने दावा किया कि इस अभियान में नेताओं के साथ-साथ पैसे देकर बुलाए गए सेलिब्रिटीज को भी शामिल किया जाएगा, ताकि एक खास तरह का राजनीतिक नैरेटिव तैयार किया जा सके.
खबर है कि केजरीवाल के यहां मीटिंग बुलाई गई है आज रात से हिंदुओं के त्यौहार दिवाली और सनातन को गाली देने का कैंपेन शुरू किया जायेगा केजरीवाल के कुछ नेता और पैसे से खरीदे हुए सेलिब्रिटीज सुबह से दिवाली और हिंदुओं के खिलाफ अभियान चलाएंगे मैं केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि सच आप भी जानते हो दिल्ली और पंजाब में आपके वर्षों से भ्रष्टाचार के कारण पॉल्यूशन है मैं केजरीवाल से आग्रह करता हूँ कि हिंदुओं और दिवाली के खिलाफ कैंपेन मत चलाना, अपने छुटभैये नेताओं से सनातन को गाली दिलवाने का पाप मत करना #HappyDiwali
— Kapil Mishra (@KapilMishra_IND) November 8, 2026
दिल्ली-NCR में GRAP का तीसरा चरण लागू
दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया था. दिवाली से दो दिन पहले यह फैसला लिया गया, क्योंकि प्रदूषण के स्तर में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही थी.
GRAP के तीसरे चरण के लागू होने के बाद पहले से जारी प्रदूषण नियंत्रण संबंधी पाबंदियां जारी रहेंगी. इसके साथ ही अतिरिक्त प्रतिबंध और उपाय भी लागू होंगे. अधिकारियों को प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर नियंत्रण के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ उत्सर्जन कम करने और हवा की गुणवत्ता को और बिगड़ने से रोकने के लिए कहा गया है.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु के 10 से ज्यादा गांवों में 20 साल से नहीं फूटते पटाखे, जानिए पक्षियों के लिए क्यों मनाते हैं ‘शांत दिवाली’
अगले दो दिन भी गंभीर रह सकती है दिल्ली की हवा
दिल्ली के लिए जारी एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम (EWS) के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी में अगले दो दिनों तक प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी रह सकती है. 8 और 9 नवंबर को भी दिल्ली का AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने की आशंका जताई गई है.
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में प्रदूषण का यह स्तर एक बार फिर सवाल खड़ा कर रहा है कि GRAP जैसे प्रतिबंधों और सरकारी उपायों के बावजूद राजधानी को जहरीली हवा से राहत क्यों नहीं मिल पा रही है.
Last Updated on November 9, 2026 8:40 am
