Odisha Gang Rape Case: ओडिशा के कटक जिले में मंगलवार देर रात एक 26 वर्षीय महिला के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, महिला अपने पुरुष मित्र के साथ कार से भुवनेश्वर से केंद्रापड़ा जा रही थी, तभी कटक-चांदबली रोड पर एक सुनसान जगह के पास कुछ लोगों ने उनकी कार रोक ली.
कार के शीशे तोड़कर घुसे आरोपी
पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के करीब 3 बजे निश्चिंतकोइली थाना क्षेत्र के ऐंडा के पास हुई. महिला भुवनेश्वर के एक मॉल में काम करती है. वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ कार से घर लौट रही थी.
शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों कटक-चांदबली हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास कार रोककर आराम कर रहे थे. महिला का मित्र पेशे से ड्राइवर है और लंबी ड्राइव के बाद आराम करना चाहता था.
इसी दौरान 5 से 6 युवकों का एक समूह कथित तौर पर वहां पहुंचा और कार पर जोर-जोर से दस्तक देने लगा. जब दोनों ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए और अंदर घुस गए.
पहले युवक को पीटा, फिर महिला को कार में ले गए
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने महिला के पुरुष मित्र पर लोहे की रॉड और प्लास्टिक पाइप से हमला किया. इसके बाद आरोपियों में से एक ने कार चलाकर करीब 4 किलोमीटर दूर ऐंडा के एक खुले और सुनसान इलाके में पहुंचाया.
सलिपुर SDPO बिरंची नारायण पति के मुताबिक, वहां घायल युवक को कार से बाहर फेंक दिया गया और महिला के साथ कार के अंदर कथित तौर पर गैंगरेप किया गया.
भागने की कोशिश में आरोपी को लोगों ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों में से एक कथित तौर पर दोनों को कार से काटीकटा की ओर ले गया. घायल युवक ने हिम्मत जुटाकर आरोपी पर काबू पाने की कोशिश की.
दोनों के बीच हुई हाथापाई पर कुछ स्थानीय लोगों की नजर पड़ी. लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए.
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को थाने ले जाया गया. महिला की शिकायत के आधार पर गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं.
दो संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. SDPO बिरंची नारायण पति ने कहा कि पुलिस को जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ने की उम्मीद है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के नशे में होने की बात भी सामने आई है. मामले की जांच जारी है.
एक हफ्ते में दूसरा गैंगरेप मामला
यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि ओडिशा में एक हफ्ते के भीतर गैंगरेप का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है. 5 अगस्त को जेयपोर और कोरापुट के बीच एक जंगल के पास 19 वर्षीय पार्ट-टाइम मॉडल के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी.
सवाल सिर्फ गिरफ्तारी का नहीं है
एक सुनसान सड़क, मदद के लिए संघर्ष करता घायल युवक और कथित तौर पर हमलावरों के कब्जे में फंसी महिला. यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि उस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल है जो देर रात सफर कर रहे लोगों को सुरक्षित रखने का दावा करती है.
ये भी पढ़ें- UP: बदायूं में गाय से कार टकराने के बाद सरकारी डॉक्टर से मारपीट, कार में तोड़फोड़….
अब सवाल है कि क्या पुलिस सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित रहेगी, या ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुनसान हाईवे और ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीरता से सवाल उठेंगे?
Last Updated on August 13, 2026 9:15 am
