पाकिस्तान (Pakistan) में अल जज़ीरा की अंग्रेजी वेबसाइट पर प्रतिबंध लगा दिया। यह घटनाक्रम पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में चुनाव के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शनों और सरकार की कार्रवाई पर अंतरराष्ट्रीय न्यूज नेटवर्क की लगातार रिपोर्टिंग के बाद सामने आया है।
हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने अबतक वेबसाइट को ब्लॉक करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इससे पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अल जज़ीरा की रिपोर्टिंग पर सवाल उठाते हुए उस पर घटनाओं को चुनिंदा तरीके से पेश करने का आरोप लगाया था।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने रविवार देर रात चैनल की रिपोर्टिंग को “चुनिंदा” बताते हुए उस पर चुनाव और मतदान प्रक्रिया की तस्वीर गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया था। मंत्रालय ने अल जज़ीरा की रिपोर्टिंग को “येलो जर्नलिज्म” करार देते हुए कहा कि इससे उन बाहरी ताकतों के एजेंडे को बल मिलता है, जो चुनाव प्रक्रिया की वैधता पर सवाल उठाना और मुजफ्फराबाद व AJK के लोगों की इच्छा को कमजोर करना चाहती हैं।
अल जज़ीरा ने PoK में चुनावी माहौल से जुड़ी कई घटनाओं को अपनी रिपोर्टों में जगह दी थी। इनमें इंटरनेट सेवाओं पर रोक, कर्फ्यू, सड़कों के बंद होने और प्रदर्शनकारियों की ओर से चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठाए गए सवाल शामिल थे।
वेबसाइट तक पहुंच में कथित रुकावट के बाद पाकिस्तान के कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत की। हालांकि, इस प्रतिबंध की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Last Updated on August 4, 2026 2:25 pm
