Ramayana Trailer Release: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म का ट्रेलर गुरुवार (30 जुलाई) जारी किया गया. करीब 4 मिनट 9 सेकंड के ट्रेलर में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की पहली झलक दिखाई गई है.
ट्रेलर में राम और रावण के बीच होने वाले महायुद्ध को दिखाया गया है. आइए, अब जानते हैं कि ‘रामायण’ फिल्म में किरदार कौन-कौन हैं. फिल्म में संगीत किसने दिया है. यह फिल्म कितने हिस्सों में बनाई जा रही है और कब रिजील होगी.
‘रामायण’ के ट्रेलर में क्या दिखाया गया?
ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण वाले किरदार से होती है. वह खुद को तीनों लोकों का सबसे बड़ा राजा बताता है. इसके बाद लंका, पुष्पक विमान और रावण की ताकत की झलक दिखाई जाती है. फिर बताया जाता है कि जब भी दुनिया में अच्छाई और बुराई का संतुलन बिगड़ता है, तब भगवान विष्णु अवतार लेते हैं.
इसके बाद रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आते हैं. ट्रेलर में राम के बचपन, परिवार और सीता से विवाह की झलक दिखाई गई है. इसके बाद कैकेयी के फैसले के कारण राम, सीता और लक्ष्मण के वनवास जाने का दृश्य दिखाया जाता है.
साई पल्लवी की एक्टिंग कैसी है?
फिल्म रामायण में के ट्रेलर में साई पल्लवी सीता के किरदार में बेहद सादगी और गरिमा के साथ नजर आ रही हैं. ट्रेलर में उनका हिंदी संवाद भी काफी सहज लग रहा है. ट्रेलर में एक सीन ऐसा भी है, जिसमें सीता हथियार उठाती हुई दिखाई देती हैं.
फिल्म ‘रामायण’ में बाकी कलाकार कौन-कौन हैं?
फिल्म रामायण में रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आए हैं. वहीं, अरुण गोविल राजा दशरथ बने हैं और उनका भावुक सीन ट्रेलर का खास हिस्सा है. रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रोल में दिखी हैं. ट्रेलर में वह राम को आकर्षित करने की कोशिश करती हैं, लेकिन राम उन्हें ठुकरा देते हैं. इसके बाद लक्ष्मण उनकी नाक काट देते हैं.
सनी देओल, जो हनुमान का किरदार निभा रहे हैं, उनकी झलक ट्रेलर में नहीं दिखाई गई है. इसके अलावा विवेक ओबेरॉय, सौरभ सचदेवा, कुणाल कपूर, शोभना, फैसल मलिक और लारा दत्ता भी फिल्म का हिस्सा हैं.
‘रामायण’ का संगीत किसने तैयार किया?
फिल्म ‘रामायण’ का संगीत ए.आर. रहमान और हंस जिमर ने मिलकर तैयार किया है. ट्रेलर में बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के साथ शानदार तरीके से मेल खाता है और हर दृश्य को और भव्य बनाता है.
यह भी पढ़ें: करिश्मा कपूर के तलाक पर क्या बोले Suneel Darshan, क्यों बताया रिश्ते में ‘कुछ कमी’?
‘रामायण’ के निर्देशक कौन हैं?
फिल्म ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है. जबकि, इसे नमित मल्होत्रा ने DNEG और प्राइम फोकस स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. इसके अलावा इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर यश हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘रामायण’ दो भागों में बनाई जा रही है. इस फिल्म का पार्ट-1 5 नवंबर 2026 (दिवाली वीकेंड) को जबकि, दूसरा पार्ट 2027 के दिवाली पर रिलीज होगी.
Last Updated on July 30, 2026 6:21 pm
