– धीरेंद्र गुप्ता
मध्य प्रदेश के देवास में बारिश और जलभराव ने एक बार फिर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सिविल लाइन क्षेत्र का अंडरब्रिज सोमवार को लगातार हुई बारिश के बाद पानी से लबालब भर गया, जिसके चलते कई कॉलोनियों को जोड़ने वाला यह वैकल्पिक मार्ग बंद हो गया.
लेकिन इसके बावजूद मंगलवार सुबह एक बच्चों से भरी स्कूली मैजिक वाहन पानी से भरे अंडरब्रिज में घुस गई. कुछ ही दूरी जाने के बाद वाहन पानी के बीच फंस गया.
पानी में फंसी मैजिक, घबराए बच्चे
मैजिक के पानी में फंसते ही उसमें बैठे बच्चे घबरा गए. हालात बिगड़ते देख कुछ बच्चों को वाहन की छत पर बैठना पड़ा. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मैजिक वाहन में रस्सी बांधी और उसे पानी से बाहर निकाला.
सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल भेज दिया गया. समय रहते पुलिस की मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया.

चालक हिरासत में, वाहन जब्त
मामले में पुलिस ने मैजिक चालक को हिरासत में ले लिया है. वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब सवाल चालक की लापरवाही पर भी है. जब अंडरब्रिज में पानी भरा हुआ था, तो बच्चों से भरी मैजिक को वहां से ले जाने की कोशिश क्यों की गई?
लेकिन सवाल सिर्फ चालक तक सीमित नहीं है.
पानी से भरे अंडरब्रिज को बंद क्यों नहीं किया गया?
सोमवार की बारिश के बाद अंडरब्रिज में पानी भरने की जानकारी होने के बावजूद मंगलवार सुबह तक इसे पूरी तरह बंद क्यों नहीं किया गया?
अगर रास्ता खतरनाक था, तो वहां बैरिकेडिंग या स्पष्ट रोकथाम की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
एक तरफ चालक ने बच्चों की सुरक्षा को जोखिम में डाला, तो दूसरी तरफ पानी से लबालब अंडरब्रिज को समय रहते बंद नहीं किए जाने की जिम्मेदारी किसकी है?
आज बच्चे सुरक्षित हैं, लेकिन सवाल यही है कि क्या जिम्मेदार व्यवस्था किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही थी?
Last Updated on August 25, 2026 11:52 am
