– धीरेंद्र गुप्ता
Madhya Pradesh Rain: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचा दी है. शुक्रवार रात करीब 12 बजे शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक लगातार जारी रही. तेज बारिश के चलते बृजपुर और आसपास के दर्जनों गांवों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है.
सबसे गंभीर स्थिति पहाड़ीखेड़ा क्षेत्र के उमरी गांव में बनी हुई है. चारों तरफ पानी भर जाने से पूरा गांव टापू में तब्दील हो गया है. गांव का बाहरी दुनिया से संपर्क लगभग पूरी तरह कट गया है. यहां कई लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है. पन्ना जिला मुख्यालय से SDERF की टीम और राहत-बचाव दल को उमरी गांव के लिए रवाना किया गया है.
उधर, धरमपुर नाले ने भी रौद्र रूप धारण कर लिया है. नाले का पानी पुल से करीब दो फीट ऊपर बह रहा है. इसके चलते पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा. बृजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग की और लोगों को खतरनाक रास्ते पर जाने से रोका.
भारी बारिश का असर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड पर भी पड़ा है. यहां जाने वाला संपर्क मार्ग दोनों तरफ से कट गया है. निचले इलाकों में नालों का पानी घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों का राशन, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं पानी में बह गईं.
ये भी पढ़ें- MP: 11 साल के बच्चे की पीठ पर चोट के निशान, शिक्षक पर पिटाई कर स्कूल से भगाने का आरोप
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं. सबसे बड़ी चुनौती जलभराव वाले गांवों में फंसे लोगों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है. SDERF की टीम के पहुंचने के बाद राहत-बचाव अभियान में तेजी आने की उम्मीद है.
Last Updated on August 30, 2026 9:56 am
