Top 5 Hindi News: भारत सरकार ने प्रधानमंत्री के एक वीडियो को लेकर मेटा को तलब किया है. वीडियो को भारत में कुछ समय के लिए फेसबुक से हटा दिया गया था. स्वीडन की मशहूर क्लाइमेट एक्टिविस्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन किया. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संसद-सत्र के दौरान प्रधानमंत्री पर बड़ा तंज कसा है. सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारी छात्रों और लोगों को लेकर राज्य सरकारों को निर्देश जारी किया है. वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय तैराक ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है. अब आज की 5 बड़ी खबरें विस्तार से पढ़िए…
1. भारत सरकार ने मेटा को किया तलब
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत सरकार ने मेटा (Facebook की कंपनी) के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख को तलब किया है. प्रधानमंत्री का एक वीडियो भारत में कुछ देर के लिए फेसबुक से हटा दिया गया था. वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कानून लाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक कोई छोटी समस्या नहीं है. इससे लाखों छात्रों और उनके परिवारों को परेशानी होती है. वीडियो में पीएम ने यह भी बताया कि बीते ढाई महीनों में सरकार ने कई कदम उठाए हैं. इस मामले में दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
2. स्वीडन की क्लाइमेट एक्टिविस्ट ने CJP का किया समर्थन
स्वीडन की मशहूर क्लाइमेट एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने CJP के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन किया है. लंदन में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों का यह आंदोलन दुनिया भर के लोगों के लिए प्रेरणा बना है और यह दिखाता है कि लोग एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं.
ग्रेटा थनबर्ग ने कहा कि भारतीय छात्रों ने लोगों में नई उम्मीद जगाई है. उनके मुताबिक, जब लोग मिलकर संघर्ष करते हैं तो बड़े बदलाव संभव होते हैं. उन्होंने कहा कि न्याय, लोकतंत्र और आजादी के लिए भारतीय छात्रों की लड़ाई पूरी दुनिया की लड़ाई है, इसलिए सभी लोगों को भारत के साथ एकजुटता दिखानी चाहिए.
3. केंद्र सरकार पर अखिलेश यादव ने कसा तंज
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि सरकार ने एक ‘प्रधान’ को हटाकर ‘प्रधानमंत्री’ को बचा लिया. संसद में पेपर लीक संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्रों के लगातार विरोध के कारण सरकार पर दबाव बढ़ा. उन्होंने दावा किाय कि इसी दबाव की वजह से सरकार को धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेना पड़ा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा? CJP ने दायर की थी याचिका
4. सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों को निर्देश दिया है कि 18 साल से कम उम्र के सभी छात्रों और बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को रिहा किया जाए. कोर्ट ने राज्य सरकारों को निर्देश जारी कर कहा कि पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए लोगों को तुरंत रिहा किया जाए.
कोर्ट ने यह भी कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर और अन्य राज्यों में CJP के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR पर फिलहाल कोई सख्त कार्रवाई न की जाए. मामले की अगली सुनवाई तक छात्रों को अंतरिम राहत दी गई है.
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कितने लोग आपराधिक बैकग्राउंड के? दिल्ली पुलिस ने जारी किया आंकड़ा
5. सेमीफाइनल में पहुंचे भारतीय तैराक
भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. उन्होंने यह स्पर्धा 55.58 सेकंड में अपने नाम किया. वह 13वें स्थान पर रहे. इस इवेंट के टॉप-16 तैराक सेमीफाइनल में पहुंचे. इससे पहले साजन प्रकाश का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही. वह पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 28वें स्थान पर रहे. सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गए.
Last Updated on July 28, 2026 7:09 pm
