Gaya Student Protest: NEET पेपर लीक के आरोपों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच बिहार में स्कूली छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. स्कूली छात्र करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने अनुमंडल अधिकारी के सामने अपनी मांग रखी. मिडिल स्कूल के छात्रों को क्यों जाना पड़ा एसडीएम ऑफिस, उनकी शिकायत क्या थी?
SDM ऑफिस क्यों पहुंचे छात्र?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार को गया जिले के सिमुआरा मिडिल स्कूल के छात्रों ने स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया. छात्र करीब 4 किलोमीटर पैदल मार्च कर टिकारी अनुमंडल (SDM) कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र SDM कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे दिखाई दिए. उन्होंने कहा कि जब तक उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होगी, वे वहां से नहीं जाएंगे.
जांच टीम ने स्कूल के हेडमास्टर को दिए निर्देश
स्कूली छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर टिकारी के SDM प्रवीण कुंदन ने छात्रों की शिकायतों की जांच के लिए तीन अधिकारियों की एक टीम बनाई. इस टीम में जिला आपूर्ति विभाग, नगर पंचायत और ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी शामिल हैं. टीम ने स्कूल जाकर हालात की जांच की और रिपोर्ट देने को कहा. स्कूल के हेडमास्टर को चेतावनी देते हुए 4-5 दिनों के अंदर सभी समस्याओं को ठीक करने के निर्देश दिए गए.

क्या थी छात्रों की शिकायतें?
छात्रों की मुख्य शिकायतें थीं कि स्कूल में मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब है, पीने के साफ पानी की व्यवस्था नहीं है, शौचालय ठीक नहीं हैं, बिजली और पंखों की कमी है, यूनिफॉर्म समय पर नहीं मिलती और स्कूल में पढ़ाई व अन्य बुनियादी सुविधाएं भी ठीक नहीं हैं.
इस प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्कूल के कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. साथ ही, संतोषजनक जवाब मिलने तक प्रदर्शन वाले दिन का वेतन भी रोक दिया गया है.
Last Updated on July 31, 2026 6:46 pm
