Supreme Court on CEC Appointment: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मुख्य और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार से कई सवाल पूछे. कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में निष्पक्षता को लेकर भी सवाल किया.
सुप्रीम कोर्ट में दो जजों की बेंच ने CBI के डायरेक्टर और लोकपाल का उदाहरण देते हुए पूछा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में CJI को क्यों नहीं रखा जाता? देश में मुख्य और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने क्या पूछा और सरकार की ओर से क्या दलील दी गई? चलिए जानते हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से क्या पूछा?
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा कि क्या नियुक्ति प्रक्रिया सिर्फ निष्पक्ष होना ही नहीं, बल्कि निष्पक्ष दिखाई देना भी जरूरी नहीं है? अदालत ने संकेत दिया कि अगर चयन समिति में एक पक्ष का बहुमत है, तो लोगों के मन में प्रक्रिया को लेकर संदेह पैदा हो सकता है. मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की दो सदस्यीय पीठ ने की.
सरकार की ओर से क्या दी गई दलील?
केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कानून का बचाव करते हुए कहा कि सिर्फ इसलिए यह मान लेना गलत होगा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री लोकतंत्र के हित में काम नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार के पास बहुमत होने का मतलब यह नहीं है कि नियुक्तियां पक्षपातपूर्ण होंगी.
समिति में कौन-कौन होते हैं शामिल?
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने ‘मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023’ को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई की. इस कानून के तहत प्रधानमंत्री, एक केंद्रीय मंत्री और लोकसभा में विपक्ष के नेता की तीन सदस्यीय समिति मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का चयन करती है.
यह भी पढ़ें: Supreme Court का वो फैसला जिसे देखने के लिए जिंदा नहीं रहे Manmohan Singh
कौन हैं मुख्य और अन्य दो चुनाव आयुक्त?
इस वक्त भारत के वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं. इनकी नियुक्ति 19 फरवरी 2025 में हुई थी. जबकि अन्य दो चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी हैं. सुखबीर सिंह की नियुक्ति 15 मार्च 2024 को हुई थी.
वहीं, विवेक जोशी को 19 फरवरी 2025 को नियुक्त किया गया. निर्वाचन आयोग तीन सदस्यीय संवैधानिक निकाय है. तीनों आयुक्तों के पास बराबर अधिकार और निर्णय लेने की शक्ति होती है.
Last Updated on July 31, 2026 3:29 pm
