Mumbai Building Collapse: मुंबई के पास भिवंडी में गुरुवार देर रात एक चार मंजिला रिहायशी इमारत गिर गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि, मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है. घटनास्थल पर NDRF,TDRF, फायर ब्रिगेड की टीम और भिवंडी पुलिस तैनात है. घटनास्थल से मलबे को हटाने का काम जारी है.
हादसा भिवंडी स्थित बालाजी नगर के गंगारामवाड़ी इलाके में बने चार मंजिला कोहिनूर अपार्टमेंट में हुआ. इसमें 48 कमरे थे और हर मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे. अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार रात रात 11 बजे से 11:30 बजे के बीच इमारत के ‘बी’ विंग का एक हिस्सा अचानक गिर गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे से पहले उन्हें इमारत से चटकने की आवाज सुनाई दी थी. इसके बाद लोगों ने तुरंत अपने परिवारों को बाहर निकालना शुरू कर दिया, जिससे कई लोगों की जान बच गई.
असिस्टेंट कमिशनर ने क्या कहां?
India Today की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर अरविंद घोगरे ने बताया कि इमारत में दरारें पड़ने की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
घोगरे के अनुसार, करीब 10 साल पुरानी इस इमारत में उस समय बिना अनुमति मरम्मत (अवैध रिपेयर) का काम चल रहा था. मरम्मत कर रहे कुछ मजदूर बाहर नहीं निकल सके. आशंका है कि करीब पांच मजदूर मलबे में फंस गए.
यह भी पढ़ें: धार भोजशाला के पीछे नमाज की तैयारी का विरोध, पुश्तैनी जमीन बताकर ग्रामीणों का देर रात प्रदर्शन
स्थानीय लोगों का क्या है दावा?
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुरानी इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था. उनका दावा है कि मरम्मत के दौरान ठेकेदार और मजदूरों ने इमारत के तीन खंभे (पिलर) तोड़ दिए थे. इससे इमारत की मजबूती कम हो गई और उसकी नींव कमजोर पड़ गई. इस वजह से इमारत पूरी तरह ढह गई.
शाम 6 बजे से ही दरारें दिखने लगीं
गुरुवार शाम करीब 6 बजे इमारत में दरारें दिखने लगी थीं. रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि इमारत झुक रही है. इसके बाद प्रभाग समिति-4 के सहायक आयुक्त अरविंद घोगरे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को इमारत से बाहर निकालना शुरू किया. इस दौरान कुछ लोग अपना सामान लेने के लिए अंदर गए हुए थे और मरम्मत का काम भी चल रहा था. तभी अचानक इमारत भरभराकर गिर गई.
Last Updated on July 31, 2026 11:36 am
