राजगढ़: धर्मशाला में चल रहा स्कूल, चारों ओर मौत का साया! जर्जर भवन कर रहा हादसे का इंतजार

Jirapur Government School Condition: जिस धर्मशाला में बच्चों की पढ़ाई हो रही है, वहां भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. परिसर के आसपास नाला, नदी और एक खुला कुआं मौजूद है.

राजगढ़: धर्मशाला में चल रहा स्कूल, चारों ओर मौत का साया; जर्जर भवन बना हादसे का इंतजार
राजगढ़: धर्मशाला में चल रहा स्कूल, चारों ओर मौत का साया; जर्जर भवन बना हादसे का इंतजार
  • धीरेंद्र गुप्ता

Jirapur Government School Condition: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर विकासखंड के देवरी गांव में सरकारी प्राथमिक स्कूल की बदहाल स्थिति बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही . स्कूल भवन जर्जर होने के कारण पिछले करीब एक साल से 24 छात्र-छात्राएं गांव की सार्वजनिक धर्मशाला में पढ़ाई करने को मजबूर हैं.

साल 2003 में बना प्राथमिक स्कूल अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है. भवन की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गई हैं और छत भी झुक चुकी है. ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन का कहना है कि भवन कभी भी गिर सकता है, इसलिए बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षाएं धर्मशाला में लगाई जा रही हैं.

धर्मशाला में भी सुरक्षित नहीं बच्चे

जिस धर्मशाला में बच्चों की पढ़ाई हो रही है, वहां भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. परिसर के आसपास नाला, नदी और एक खुला कुआं मौजूद है. बारिश के मौसम में यह क्षेत्र और अधिक खतरनाक हो जाता है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है.

सांप और जहरीले जीवों का भी खतरा

धर्मशाला के आसपास घास और झाड़ियां होने के कारण यहां अक्सर जहरीले जीव-जंतु दिखाई देते हैं. कुछ दिन पहले बच्चों के पास एक जहरीला सांप भी देखा गया था, जिससे अभिभावकों और शिक्षकों की चिंता बढ़ गई है.

न पानी, न शौचालय

धर्मशाला में न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधा. ऐसे हालात में छोटे-छोटे बच्चे बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करने को मजबूर हैं.

सरपंच ने क्या कहा?

ग्राम पंचायत सरपंच यादव सिंह चौहान ने बताया कि स्कूल भवन की मरम्मत के लिए प्रशासन से आदेश मिल चुका है, लेकिन अभी तक राशि जारी नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि जैसे ही धनराशि मिलेगी, मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा.

प्रधानाध्यापक ने जताई चिंता

स्कूल के प्रधानाध्यापक महेश भावसार ने भी स्कूल भवन की जर्जर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. उनका कहना है कि मजबूरी में धर्मशाला में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, क्योंकि मौजूदा स्कूल भवन में बच्चों को बैठाना सुरक्षित नहीं है.

यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर भोजशाला के पास जुम्मे की नमाज़ हुई संपन्न, ग्रामीणों ने किया था विरोध

सवाल क्या है?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? आखिर 24 मासूम बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे का समाधान कब होगा? ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग है कि स्कूल भवन की जल्द मरम्मत कर बच्चों के लिए सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

Last Updated on August 1, 2026 12:31 pm

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *