Bitchat App Controversy: नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. इस बीच सरकार ने GitHub से कहा है कि वह Bitchat ऐप से जुड़ी कोड फाइलों को हटा दे. दरअसल प्रोटेस्ट को लेकर खासतौर पर दिल्ली में इंटरनेट बंद है. कयास लगाए जा रहे थे कि इंटरनेट बंद होने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी एक दूसरे से जुड़े रहने के लिए इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने यह फैसला क्यों लिया? क्या इस ऐप का इस्तेमाल दिल्ली में प्रोटेस्ट के दौरान हुआ? क्या सरकार को इस बात का डर है कि प्रोटेस्ट से जुड़ी सच्चाई सामने आ जाएगी? चलिए जानते हैं कि नीट पेपर लीक प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने यह फैसला क्यों लिया और Bitchat क्या है?
सरकार ने Bitchat को बंद करने क्यों कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार ने GitHub से कहा है कि वह Bitchat ऐप से जुड़ी कुछ रिपॉजिटरी (कोड फाइलें) हटा दे या भारत में उनकी पहुंच बंद कर दे. Bitchat एक ब्लूटूथ-आधारित मैसेजिंग ऐप है, जिसे एक्स (X) के को-फाउंडर जैक डॉर्सी ने बनाया है.
सरकार ने इस ऐप को लेकर ऐसे समय पर फैसला दिया है. जब दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन चल रहे हैं. खबरों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल इंटरनेट बंद होने के बाद आपस में संपर्क बनाए रखने के लिए ब्लूटूथ मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे थे.
जैक डॉर्सी ने X पर एक नोटिस शेयर किया, जिसमें इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने GitHub को तीन घंटे के भीतर Bitchat की तीन रिपॉजिटरी हटाने या ब्लॉक करने का निर्देश दिया है. इनमें मुख्य प्रोजेक्ट और उसका Android वर्जन भी शामिल है.
सरकार ने क्या वजह बताई?
सरकार का कहना है कि Bitchat ऐसा ऐप है, जो मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट या किसी केंद्रीय सर्वर के बिना सिर्फ ब्लूटूथ के जरिए लोगों को आपस में मैसेज भेजने की सुविधा देता है. सरकार के मुताबिक, ऐसे ऐप का इस्तेमाल-
- इंटरनेट बंद होने पर भी बातचीत जारी रखने
- कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी से बचने
- गैरकानूनी प्रदर्शन या हिंसक गतिविधियों को संगठित करने
- अफवाहें फैलाने और देश की सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है.
इस आधार पर सरकार ने आईटी एक्ट 2000 और आईटी नियम 2021 के तहत GitHub को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
यह भी पढ़ें: “सब कुछ धुंधला हो गया…” पैलेट गन से बुरी तरह घायल पत्रकार की आपबीती
क्या CJP प्रदर्शन में Bitchat का इस्तेमाल हुआ?
दिल्ली पुलिस जांच कर रही है कि इंटरनेट बंद होने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ब्लूटूथ-आधारित मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल किया था या नहीं. हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि Bitchat का ही इस्तेमाल किया गया था. पुलिस CCTV फुटेज, डिजिटल सबूत और अन्य तकनीकी जानकारियों की मदद से जांच कर रही है.
Bitchat क्या है?
- Bitchat एक ओपन-सोर्स मैसेजिंग ऐप है
- इंटरनेट की जरूरत नहीं होती
- मोबाइल नेटवर्क की जरूरत नहीं होती
- फोन नंबर या अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होती
यह Bluetooth Low Energy (BLE) तकनीक से आसपास मौजूद मोबाइल फोन को जोड़कर मैसेज भेजता है. एक फोन से दूसरे फोन होते हुए संदेश आगे बढ़ते रहते हैं, इसलिए इंटरनेट बंद होने पर भी बातचीत संभव हो जाती है.
इसी वजह से यह ऐप आपात स्थिति या नेटवर्क न होने वाले इलाकों में उपयोगी हो सकता है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इससे संदेशों की निगरानी और जांच करना भी काफी मुश्किल हो जाता है.
Last Updated on July 25, 2026 2:05 pm
