Khawaja Asif Controversial Statement: पाकिस्तान के कब्जे वाले POK को लेकर कश्मीर में चल रहे विवाद को लेकर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भड़काऊ बड़ा बयान दिया है. ख्वाजा आसिफ़ ने पीओके में प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद कहा कि जो लोग इस्लामाबाद के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं, वह उन्हें भारत जैसे दुश्मन मानते हैं. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को ‘भारत जैसा दुश्मन’ क्यों कहा? पीओके में लोग सड़कों पर क्यों उतरे, प्रदर्शन में कितने लोग मारे गए? पीओके को लेकर पाकिस्तान को भारत की ओर से क्या जवाब मिला?
पाकिस्तान के रक्ष मंत्री का विवादित बयान क्या है?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को लेकर एक विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जो लोग इस्लामाबाद सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, वे उनके लिए “भारत जैसे दुश्मन” हैं. उन्होंने साफ कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों से बातचीत नहीं करेगी और उन्हें पाकिस्तान का दुश्मन मानती है.
क्या POK के लोगों का राजनीतिक अधिकार कम हो रहा?
यह बयान ऐसे समय आया है जब PoK में प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं. JAAC (जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी) नाम का संगठन रावलकोट से मुज़फ़्फ़राबाद तक मार्च निकाल रहा था. उनकी मांग थी कि कश्मीरी शरणार्थियों के लिए आरक्षित विधानसभा की 12 सीटें खत्म की जाएं, क्योंकि उनका कहना है कि इससे PoK के लोगों के राजनीतिक अधिकार कमजोर होते हैं.
यह भी पढ़ें: माली में किडनैप हुए हीरा व्यापारी छूटे, 44 करोड़ देकर बचाई जान
प्रदर्शनकारियों की मांग क्या है?
JAAC का दावा है कि करीब 5,000 लोग शांतिपूर्ण मार्च में शामिल थे, तभी सुरक्षा बलों ने गोलीबारी कर दी. संगठन के मुताबिक, इस घटना में कम से कम 14 लोग मारे गए और दो दर्जन से ज्यादा घायल हुए. वहीं, पाकिस्तान सरकार का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के पास हथियार थे और उन्होंने पहले सुरक्षाबलों पर हमला किया, जिसके जवाब में कार्रवाई की गई. इन दोनों दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
रिपोर्टों के अनुसार, 5 जून से चल रहे प्रदर्शनों और उसके बाद हुई हिंसा में अब तक 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. PoK में लोग लंबे समय से महंगाई, महंगी बिजली, बार-बार बिजली कटौती, महंगे आटे और प्रशासनिक समस्याओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.
POK को लेकर भारत ने क्या कहा?
इसी बीच पाकिस्तान ने PoK में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू की है. इस पर भारत ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ पाकिस्तान के गैर-कानूनी कब्जे को सही ठहराने की कोशिश हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का पूरा क्षेत्र, जिसमें PoK भी शामिल है, भारत का अभिन्न हिस्सा है और इन चुनावों से भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं आएगा.
उन्होंने कहा- “जैसा कि हमने पहले भी कहा है, पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में चल रहे बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन पाकिस्तान के आर्थिक शोषण, लोगों के बुनियादी अधिकारों से इनकार और प्रशासनिक दमन का सीधा नतीजा हैं.”
Last Updated on July 29, 2026 10:31 am
