Saudi Prince Death: ब्रिटेन के लंदन में एक लग्जरी होटल में ठहरे सऊदी अरब के 29 वर्षीय प्रिंस अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअज़ीज़ बिन जलावी अल सऊद की मौत शराब, पार्टी ड्रग्स और डॉक्टर की सलाह पर ली जाने वाली दवाओं के घातक मिश्रण से हुई. ब्रिटेन की कोरोनर कोर्ट की जांच में यह खुलासा हुआ है. जांच के मुताबिक, कई तरह के नशीले पदार्थों के कारण उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई.
होटल के कमरे में मिला था शव
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजकुमार 19 नवंबर को लंदन के केंसिंग्टन स्थित मैरियट होटल में एक हफ्ते के लिए रुके थे. 25 नवंबर को होटल के एक कर्मचारी ने उनके कमरे के बाथरूम में उन्हें बेहोश पड़ा देखा. सूचना मिलने पर पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
जांच में क्या मिला?
टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में राजकुमार के खून में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से करीब तीन गुना अधिक पाई गई. इसके अलावा GHB (पार्टी ड्रग), कैनबिस, ज़ैनैक्स और चिंता कम करने वाली दूसरी दवाओं के अंश भी मिले. मेडिकल एक्सपर्ट्स ने बताया कि इन सभी के घातक मिश्रण से कार्डियक अरेस्ट हुआ.
पहले करा चुके थे नशे की लत का इलाज
कोर्ट में बताया गया कि राजकुमार शराब और डॉक्टर की सलाह पर मिलने वाली दवाओं की लत से जूझ रहे थे. अगस्त 2025 में उन्होंने एक निजी क्लिनिक में इलाज कराया था और बाद में दूसरे पुनर्वास केंद्र में भी भर्ती हुए थे. हालांकि इलाज के बाद वह नियमित फॉलो-अप के लिए नहीं पहुंचे.
मौत को माना गया हादसा
असिस्टेंट कोरोनर जीन हार्किन ने कहा कि जांच में आत्महत्या या किसी अन्य व्यक्ति की साजिश के कोई सबूत नहीं मिले. सीसीटीवी फुटेज में भी राजकुमार आखिरी बार अकेले दिखाई दिए थे. इसलिए उनकी मौत को दुर्घटनावश हुई मौत (Accidental Death) माना गया.
यह भी पढ़ें: 80 से ज्यादा देश कर रहे Trump के नए Tariff का विरोध, क्या दुनिया में होगा एक और Trade War?
शाही परिवार ने की पुष्टि
बाद में सऊदी शाही दरबार ने आधिकारिक बयान जारी कर राजकुमार की मौत की पुष्टि की और बताया कि उनका अंतिम संस्कार रियाद की VIP इमाम तुर्की बिन अब्दुल्ला मस्जिद में किया जाएगा.
Last Updated on July 24, 2026 8:28 pm
