Top 5 Hindi News: मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के नेताओं ने धरना दिया. इस दौरान उन्होंने PM नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की. IIT रुड़की ने छात्रों और कर्मचारियों को कड़ा निर्देश दिया है. वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा. उधर, महाराष्ट्र में के विधान परिषद् सदस्य ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों को लेकर विवादित बयान दिया है. जबकि, दिल्ली में ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान घायल एक छात्रा को आईसीयू में भर्ती कराया गया. अब आज की 5 बड़ी खबरों को विस्तार से पढ़िए.
1. PM आवास के बाहर कांग्रेस का धरना
नई दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस के कई सांसदों और वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास के बाहर बाहर धरना दिया. धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसे लेकर पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की.
इसके अलावा कांग्रेस नेताओं ने NEET पेपर लीक मामले को भी उठाया और आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा से बच रही है. उनका कहना है कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए और उनकी आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए.

2. IIT रुड़की ने छात्रों को दिए निर्देश
आईआईटी रुड़की ने छात्रों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे संस्थान की अनुमति के बिना किसी भी राजनीतिक गतिविधि, प्रदर्शन या सार्वजनिक राजनीतिक बहस में हिस्सा न लें. 20 जुलाई को रजिस्ट्रार की ओर से भेजे गए ईमेल में कहा गया कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर मौजूदा राजनीतिक आंदोलनों का समर्थन करते हुए पोस्ट और बयान दे रहे हैं. ऐसे मामलों को देखते हुए यह निर्देश जारी किया गया है.
संस्थान ने कहा कि आईआईटी का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, रिसर्च और ज्ञान को बढ़ावा देना है. इसलिए सभी छात्रों और कर्मचारियों को संस्थान के आचरण नियमों का पालन करना होगा. इसके अलावा ईमेल में यह भी कहा गया है कि संस्थान की अनुमति के बिना कोई भी छात्र या कर्मचारी किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं हो सकता. साथ ही, वे मीडिया या सोशल मीडिया पर ऐसा कोई बयान या राय भी नहीं दे सकते, जिससे संस्थान, केंद्र सरकार या किसी अन्य संस्था की छवि खराब हो.
3. केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने ऐलान किया है कि कल के विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा- “मोदी जी, यह देश किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ लोगों का है. लोगों को धमकाना बंद कीजिए. अगर ऐसा ही चलता रहा तो देश की जनता इसका जवाब देगी और इतिहास इसे याद रखेगा.” इसके अलावा केजरीवाल ने सरकार पर विरोध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया.
यह भी पढ़ें: सिक्किम में सुरंग ढहने से 10 लोगों की मौत, कई लोग फंसे; बचाव जारी
4. CJP के प्रदर्शन को लेकर MLC विवादित बयान
दिल्ली में NEET पेपर लीक के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन के एक दिन बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया. महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) के सदस्य सदाभाऊ खोत ने प्रदर्शनकारियों को “आतंकवादी” बता दिया. उनके इस बयान की विपक्षी नेताओं के साथ-साथ महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री ने भी आलोचना की है. प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सदाभाऊ खोत ने कहा कि सरकार को इन “आतंकवादियों” का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना चाहिए.
यह भी पढ़ें: संसद में छात्रों के मुद्दे पर हंगामा, खड़गे बोले- सरकार विपक्ष और युवाओं की आवाज दबा रही है
5. दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में घायल छात्रा ICU में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान घायल हुई 20 साल की एक छात्रा को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान छात्रा एक बैरिकेड से टकराकर घायल हो गई थी. सोमवार को CJP के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में हजारों छात्र और समर्थक शामिल हुए थे. प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे.
Last Updated on July 22, 2026 8:14 am
