- धीरेंद्र गुप्ता
Ratlam Students Protest: रतलाम जिले के ग्राम रूपनगर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक बद्रीलाल राठौर के तबादले के विरोध में मंगलवार को स्कूली बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने फोरलेन मार्ग पर चक्का जामकर जोरदार प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई दिनों से लगातार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा. गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जनसुनवाई के दौरान स्कूली बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर शिक्षक का तबादला निरस्त करने की मांग की थी. इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था.
जिले का एकमात्र बैगलेस स्कूल
ग्रामीणों के अनुसार शिक्षक बद्रीलाल राठौर ने अपनी मेहनत, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के माध्यम से रूपनगर के सरकारी प्राथमिक विद्यालय को जिले के आदर्श विद्यालयों में शामिल कराया है. यह विद्यालय जिले का एकमात्र बैगलेस स्कूल है, जहां पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को 40 तक के पहाड़े कंठस्थ हैं. उनका कहना है कि शिक्षक के प्रयासों से विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था निजी विद्यालयों के समकक्ष पहुंच चुकी है.
छात्रों ने क्यों किया चक्का जाम?
जनसुनवाई के दौरान तत्कालीन एसडीएम तरुण जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गांव पहुंचकर निरीक्षण करने और शीघ्र समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे. हालांकि एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई निर्णय नहीं होने पर ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने फोरलेन पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
यह भी पढ़ें: Ken Betwa परियोजना में फर्जी ग्राम सभा का खेल उजागर, कानून को ताक रख किया गया मुआवजा वितरण
छात्रों की मांग क्या है?
प्रदर्शन के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ओर जावरा एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर 20 दिनों के भीतर मामले का समाधान करने तथा शिक्षक बद्रीलाल राठौर का तबादला पुनः ग्राम रूपनगर करने के प्रयास का आश्वासन दिया. आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल कराया गया.
Last Updated on July 21, 2026 8:22 pm
