नई दिल्ली, 05 नवंबर
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी का मौजूदा शासन अंग्रेजी साम्राज्य से कम नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने जनता को कमजोर करने का काम किया है और बिहार में 65 लाख वोट काट दिए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान वाल्मीकि नगर में आयोजित विशाल जनसभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार में 65 लाख लोग वोट नहीं दे पाएंगे। मोदी ऐसा काम इसलिए करते हैं, ताकि वोट चोरी करके बार-बार अपनी सरकार बना सकें।
उन्होंने आगे कहा कि आज मोदी सरकार (Modi Government) के शासन में किसान की सुनवाई नहीं है, नौजवान बेरोजगार हैं और महिलाएं संघर्ष कर रही हैं। बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं, लेकिन गरीब किसान का ऋण कभी माफ नहीं होता। बिहार में शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत भाजपा के तमाम नेता आते हैं, लेकिन केवल ऊल-जलूल बातें करते हैं। जबकि उनकी चिंता होनी चाहिए कि युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा, अपराध पर लगाम कैसे लगेगी और भ्रष्टाचार कैसे कम होगा?
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा नेता दिन-रात पंडित जवाहरलाल नेहरू को गाली देते रहते हैं, जबकि आज अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर ने न केवल नेहरू की प्रशंसा की, बल्कि उनके भाषण के अंश भी उद्धृत किए। उन्होंने याद दिलाया कि पंडित नेहरू ने देश में विकास की नींव रखी और बड़े उद्योग स्थापित किए, जिन्हें आज मोदी सरकार अपने चहेतों को सौंप रही है।
कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को दस हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि पिछले 20 सालों से उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। भाजपा की नीयत गरीबों और किसानों के लिए काम करने की नहीं है। उन्होंने अपील की कि महिलाएं पैसे तो ले लें पर अपने परिवार के भविष्य के लिए वोट महागठबंधन को दें।
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान वाल्मीकि नगर में आयोजित विशाल जनसभा में प्रियंका गांधी ने जो कहा वह #VideoViral हो रहा है. आपने देखा क्या? #Bihar #BiharElection2025 #BiharElections #BiharPolitics @priyankagandhi @INCIndia pic.twitter.com/2N2qddvcfx
— News Muni (@newswalemuni) November 6, 2025
प्रियंका गांधी ने बिहार के लिए महागठबंधन के प्रमुख वादों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि वृद्धों और विधवा महिलाओं के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1,500 रुपये प्रतिमाह दी जाएगी और हर साल इसमें 200 रुपये की बढ़ोतरी भी होगी। भूमिहीन परिवारों को 3 से 5 डिसमिल जमीन दी जाएगी, जिसका मालिकाना हक महिलाओं को मिलेगा। माई-बहन मान सम्मान योजना के तहत 2,500 रुपये हर महीने महिलाओं को मिलेंगे। 25 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिलेगा। किसानों को एमएसपी की गारंटी मिलेगी। रिक्त सरकारी पदों पर नियुक्तियां होंगी और बिहारवासियों को विशेष आरक्षण मिलेगा। मनरेगा के तहत मजदूरी 300 रुपये प्रतिदिन मिलेगी और काम के दिनों को दोगुना किया जाएगा। पेपर लीक के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होगी। जॉब कैलेंडर बनाकर परीक्षाओं, परिणामों और नियुक्तियों के दिन पहले से तय किए जाएंगे। पंचायती राज और नगर निकायों में ईबीसी आरक्षण 30 प्रतिशत और एससी आरक्षण 20 प्रतिशत किया जाएगा। अतिपिछड़ा वर्ग अत्याचार निवारण अधिनियम बनाया जाएगा। निजी शिक्षा संस्थानों में आरक्षण लागू होगा। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जाएगा। संविदाकर्मियों को स्थायी किया जाएगा। 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने महागठबंधन के कई अन्य वादे भी गिनाए। उन्होंने जनता से महागठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया।
Last Updated on November 6, 2025 10:51 am
