नई दिल्ली: लोकसभा में गुरुवार (18 दिसंबर) को विपक्ष के भारी विरोध के बीच विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB–G RAMJI विधेयक ध्वनिमत से पारित हो गया। विधेयक पारित होते समय विपक्षी सांसदों ने सदन में नारेबाज़ी की और कागज़ फाड़कर फेंके, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में विधेयक पर सरकार का पक्ष रखा। विपक्षी सांसद वेल में पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस सांसद के. जी. वेणुगोपाल ने विधेयक को स्थायी समिति या संयुक्त संसदीय समिति को भेजने की मांग की, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि इस पर पहले ही 14 घंटे से अधिक चर्चा हो चुकी है।
बुधवार को इस विधेयक पर लोकसभा में करीब 14 घंटे बहस हुई थी, जो देर रात 1:35 बजे तक चली। चर्चा में 98 सांसदों ने भाग लिया।
यह विधेयक 20 साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह लाए जाने का प्रस्ताव करता है। विपक्ष ने मनरेगा का नाम बदलने और उसके स्वरूप में बदलाव को लेकर आपत्ति जताई है। गुरुवार को संसद परिसर में भी विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह सिर्फ नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि रोज़गार के अधिकार से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि गरीब, पिछड़े और दलित वर्गों के लिए यह बदलाव गंभीर असर डाल सकता है।
इस विधेयक का अर्थशास्त्रियों और सामाजिक अधिकार संगठनों ने भी विरोध किया है। बुधवार को दिल्ली के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, प्रभात पटनायक और जयति घोष, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, एनी राजा, और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नए कानून पर आपत्ति जताई।
वक्ताओं का कहना था कि नया विधेयक केंद्र सरकार को यह तय करने का अधिकार देता है कि किन क्षेत्रों में काम मिलेगा, राज्यों को कितनी राशि मिलेगी और कुछ समय के लिए काम रोकने की अनुमति भी देता है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे रोज़गार की गारंटी कमजोर होगी और राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
गौरतलब है कि मनरेगा संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में नागरिक समाज संगठनों ने 19 दिसंबर से देशभर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है, जिसमें नए विधेयक को वापस लेने की मांग की जाएगी।
Last Updated on December 20, 2025 10:17 am
