Top 5 Hindi News: जापान के पूर्व कानून मंत्री ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर भारत पर आरोप लगाया है. उन्होंने परियोजना में देरी के लिए कुछ भारतीय मंत्री और अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया. शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में बड़ा रेल हादसा हो गया, जिसमें 3 स्कूली बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई.
उधर, गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया. ATS का आरोप है कि ये लोग आतंकी संगठन के लिए काम कर रहे थे. क्रिकेट जगत में रिटायरमेंट की अटकलों के बीच रोहित शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि किस वजह से उन्हें आगामी वर्ल्ड कप में मौका दिया जाना चाहिए. ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिका के कई लड़ाकू विमानों को नष्ट कर दिया. आगे, आज की 5 बड़ी खबरों को विस्तार से पढ़िए.
1. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर जापान के पूर्व मंत्री का आरोप
India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर जापान के पूर्व कानून मंत्री ने भारत पर आरोप लगाया है. उन्होंने इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना में देरी के लिए भारत को जिम्मेदार बताया है. हिदेकी माकिहारा ने आरोप लगाया है कि बुलेट ट्रेन परियोजना में देरी के लिए भारत के कुछ मंत्री और अधिकारी जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों ने परियोजना से संबंधित बैठकों में किए गए वादों को पूरा नहीं किया.
इसके अलावा, माकिहारा ने यह आरोप भी लगाया कि भारत के अधिकारियों ने परियोजना को समय पर पूरा करने के बजाय अपने हितों को अधिक महत्व दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका यह बयान जापान में प्रकाशित एक समाचार लेख के बाद आया है. समाचार लेख में दावा किया गया था कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना जापान के शिंकानसेन मॉडल से काफी अलग हो गई है.

2. पश्चिम बंगाल में बड़ा रेल हादसा
शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया. Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, एक स्कूल वैन रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी. इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पैसेंजर ट्रेन ने वैन को टक्कर मार दी. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में स्कूल के 3 बच्चे, वैन चालक और एक साइकिल सवार शामिल हैं. इसके अलावा 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, रेलवे फाटक को एक ट्रेन के गुजरने के बाद खोल दिया गया, जबकि दूसरी पैसेंजर ट्रेन आने वाली थी. रेलवे गेट खुला देखकर वैन चालक ट्रैक पार करने लगा. तभी तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और वाहन को टक्कर मार दी. रेलवे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ड्यूटी पर तैनात गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया है.
3. गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई
Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित संबंध रखने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में से 4 पाटन के और 1 बनासकांठा का रहने वाला है. इससे पहले भी इस मामले में 8 अन्य आरोपियों को पकड़ा गया था. ATS का आरोप है कि ये लोग आतंकी संगठन के लिए काम कर रहे थे.
साथ ही, कम से कम 8 बार टेस्ट ब्लास्ट करने की कोशिश कर चुके थे. आरोपियों पर आतंकी संगठन से जुड़े होने, टेरर फंडिंग, साजिश रचने और जैश-ए-मोहम्मद का समर्थन करने के आरोप लगे हैं. ATS ने इस मामले को UAPA और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया है. साथ ही, जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं.
यह भी पढ़ें: मारुति डीलर ने ढोंग से बेची 18.29 लाख में E10 कार, कारनामा कैसे आया सामने?
4. रिटायरमेंट की अटकलों पर क्या बोले रोहित शर्मा?
मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, रिटायरमेंट की अटकलों के बीच रोहित शर्मा का बयान सामने आया है. रोहित शर्मा ने क्रिकेट प्रेमियों से कहा कि उनके लिए 50 ओवर का वर्ल्ड कप ही सबसे बड़ा और असली वर्ल्ड कप है. उन्होंने कहा कि बचपन से वह इसी टूर्नामेंट को देखते हुए बड़े हुए हैं.
रोहित ने कहा कि 2023 वर्ल्ड कप में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया था, मगर फाइनल में मिली हार की वजह से उन्हें और पूरी टीम को दुख हुआ. इसके अलावा उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि 2011 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में उन्हें जगह नहीं मिली थी. इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत की और खुद को दुनिया के बेहतरीन वनडे खिलाड़ियों में शामिल किया.
रोहित ने कहा कि 2023 में भारत की ओर से कप्तानी करना उनके लिए गर्व की बात थी. उन्होंने टीम के लिए पूरी ईमानदारी से खेला, लेकिन ट्रॉफी जीतने से टीम सिर्फ एक कदम दूर रह गई. इसलिए वह एक बार फिर देश के लिए वर्ल्ड कप जीतने का मौका चाहते थे.
यह भी पढ़ें: नर्सरी छात्र पर करीब 12 मिनट तक बरसते रहे थप्पड़-घूसे, बच्चा अस्पताल में भर्ती; जवाबदेही किसकी?
5. ईरान का दावा, अमेरिका के कई लड़ाकू विमान नष्ट किए
India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. हमले को लेकर ईरान का कहना है कि उसने अमेरिका के कई लड़ाकू विमान और ईंधन भरने वाले विमानों को नष्ट कर दिया. इसके अलावा, कुछ अन्य विमानों को भी नुकसान पहुंचाया. हालांकि, अमेरिका ने अब तक ईरान के इस दावे की पुष्टि नहीं की है.
ईरान का यह दावा ऐसे समय आया है, जब अमेरिका लगातार छठे दिन भी ईरान के ठिकानों पर हमले कर रहा है. इन हमलों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास मौजूद ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. इससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है.
Last Updated on July 17, 2026 6:59 pm
