नर्सरी छात्र पर करीब 12 मिनट तक बरसते रहे थप्पड़-घूसे, बच्चा अस्पताल में भर्ती; जवाबदेही किसकी?

Nursery Student Assault: आप अपने बच्चे को स्कूल इसलिए भेजते हैं कि उसे इतना पीटा जाए कि वह हॉस्पीटल में भर्ती हो जाए? यूपी के एक स्कूल की घटना दिल दहला देने वाली है.

स्कूल में नर्सरी के बच्चे को 12 मिनट तक पीटा, छात्र अस्पताल में भर्ती; जवाबदेही किसकी?
स्कूल में नर्सरी के बच्चे को 12 मिनट तक पीटा, छात्र अस्पताल में भर्ती; जवाबदेही किसकी?

Nursery Student Assault: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि क्लास की मॉनीटर किस प्रकार बेरहमी से एक बच्चे को पीटती है. वीडियो में एक बच्ची जिसे क्लास का मॉनीटर बताया जाता है, वह एक छात्र को लगातार 12 मिनट तक थप्पड़ पर थप्पड़ जड़ती है, घूसे मारती है. बच्चे की गाल और चेहरे पर इतनी चोट लगी कि उसकी तबीयत बिगड़ गई.

बाद में उस बच्चे को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया. माता-पिता अपने बच्चे को पढ़ाने के लिए कमाई का मोटा हिस्सा स्कूल को देता है. सवाल खड़ा होता है कि इसके बावजूद भी अगर किसी अभिभावक का बच्चा स्कूल में सुरक्षित नहीं है, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? क्या स्कूल प्रशासन इसके लिए जवाबदेह नहीं है? क्लास में शिक्षक की गैरमौजूदगी का जवाब कौन देगा?

किस स्कूल का है मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ के पीजीआई कोतवाली क्षेत्र की वृंदावन योजना स्थित ALS एकेडमी में नर्सरी के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना बुधवार यानी 15 जुलाई की बताई जा रही है.

आरोप है कि कक्षा की मॉनिटर छात्रा ने 5 साल के बच्चे को करीब 12 मिनट तक पीटा. इससे बच्चे के चेहरे और गाल पर गंभीर चोटें आईं. इसकी वजह से बच्चे की तबीयत बिगड़ी और उसे इलाज के लिए पीजीआई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया.

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चे के पिता बृजेंद्र कुमार ने बताया कि उनका बेटा कृदय यादव एएलएस एकेडमी में नर्सरी में पढ़ता है. जब वह स्कूल से घर लौटा तो उसके चेहरे पर सूजन और चोट के निशान थे. इसके बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी मांगी.

उन्होंने स्कूल प्रशासन से कक्षा का सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग भी की, ताकि यह पता चल सके कि बच्चे के साथ क्या हुआ था. क्लास के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मॉनीटर छात्रा किस प्रकार नर्सरी के छात्र की पिटाई करती है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान क्लास में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था.

परिजनों का क्या है आरोप?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्र के परिजनों ने क्लास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोप लगाया. आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि क्लास की मॉनीटर ने उनके बच्चे को लगातार थप्पड़-घूसे जड़े और बाल खींचे. इसके अलावा पीड़ित छात्र के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पिटाई की घटना कई मिनटों तक जारी रही. मगर, किसी ने समय रहते हस्तक्षेप तक ना की.

स्कूल की प्रिंसिपल ने क्या कहा?

बच्चे की पिटाई से नाराज अभिभावक गुरुवार को फिर से स्कूल पहुंचे. जहां उन्होंने स्कूल प्रशासन से जवाब मांगा. स्कूल की प्रिंसिपल आशा सिंह बिष्ट ने उन्हें बताया कि CCTV फुटेज की जांच के बाद छात्रा को निष्कासित कर दिया गया है. साथ ही उन्होंने परिजनों को विश्वास दिलाया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जाएगा.

परिजनों ने की PGI पुलिस से शिकायत

बच्चे की पिटाई की घटना को लेकर परिजन अब भी नाराज हैं. परिजनों ने लिखित रूप में घटना की शिकायत PGI पुलिस को भी दी है. इसके अलावा बच्चे का नाम स्कूल से कटवा दिया गया है. इतना ही नहीं, परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के वक्त क्लास में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था.

Last Updated on July 17, 2026 4:47 pm

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *