Military Spouse Life: कैसी होती है मिलिट्री अफसरों की पत्नियों की जिंदगी?

Military Spouse Life: रिटायर्ड ब्रिगेडियर की पत्नी परवीन बरार कहती हैं कि लोग अक्सर उन्हें ऐसी महिलाओं के रूप में देखते हैं जो सिर्फ पार्टियां करती हैं और लेडीज क्लब में जाती हैं.

Military Spouse Life: कैसी होती है मिलिट्री अफसरों की पत्नियों की जिंदगी?
Military Spouse Life: कैसी होती है मिलिट्री अफसरों की पत्नियों की जिंदगी?

Military Spouse Life: फिल्मों और टीवी सीरियल्स में अक्सर मिलिट्री अफसरों की पत्नियों की जिंदगी को ऑफिसर्स मेस की चमक-दमक, लेडीज क्लब और सामाजिक कार्यक्रमों तक सीमित दिखाया जाता है. इस वजह से आम लोगों के बीच यह धारणा बन गई है कि सेना के अधिकारियों की पत्नियां सिर्फ पार्टियों में शामिल होती हैं और आरामदायक जीवन जीती हैं. लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. इंडिया टुडे से बातचीत में कई सैन्य अधिकारियों की पत्नियों ने बताया कि किस तरह उनके जीवन का लगातार बदलाव, जिम्मेदारियों और चुनौतियों से भरा होता है.

फौजी की पत्नी होना क्यों आसान नहीं?

India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की पत्नी परवीन बरार कहती हैं कि लोग अक्सर उन्हें ऐसी महिलाओं के रूप में देखते हैं जो सिर्फ पार्टियां करती हैं और लेडीज क्लब में जाती हैं. लेकिन उनके अनुसार, एक फौजी की पत्नी होना आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि वे अपने आप में एक स्वतंत्र हैं. आर्मी की पत्नी होना उनकी पहचान का सिर्फ एक हिस्सा है जबकि पूरी पहचान नहीं. उनके भी अपने सपने, करियर, महत्वाकांक्षाएं होती हैं.

हर तीन साल में क्यों बदलती है जिंदगी?

मिलिट्री परिवारों की सबसे बड़ी चुनौती लगातार होने वाले ट्रांसफर हैं. हर तीन साल में नया शहर, नया घर, नए पड़ोसी, नया स्कूल और नया माहौल के साथ ढलना पड़ता है. कई बार अधिकारी पहले नई पोस्टिंग पर चले जाते हैं और घर बदलने, सामान शिफ्ट कराने तथा बच्चों को नए माहौल में ढालने की पूरी जिम्मेदारी जीवनसाथी पर आ जाती है. परिवार अक्सर पहले अस्थायी आवास में रहता है और बाद में स्थायी घर मिलने पर दोबारा शिफ्ट होता है. ऐसे में हर पोस्टिंग के साथ नई शुरुआत करना सैन्य परिवारों की जिंदगी का हिस्सा बन जाता है.

परिवार के साथ करियर संभालने की चुनौती

सैन्य अधिकारियों की कई पत्नियां सिर्फ हाउस वाइफ नहीं होतीं. वे टीचर, वकील, कंसल्टेंट, प्रोफेशनल, उद्यमी और रिमोट वर्क करने वाली महिलाएं भी हैं. हालांकि बार-बार होने वाले ट्रांसफर के कारण करियर को लगातार बनाए रखना आसान नहीं होता. कई महिलाएं हर नई पोस्टिंग के साथ नई नौकरी तलाशती हैं, जबकि कुछ घर और बच्चों की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देती हैं. टीचिंग को मिलिट्री परिवारों में सबसे सुविधाजनक पेशों में से एक माना जाता है, क्योंकि अलग-अलग शहरों में भी इसके अवसर आसानी से मिल जाते हैं.

लेडीज क्लब सिर्फ पार्टी नहीं

परवीन बरार बताती हैं कि लेडीज क्लब केवल कॉफी, ब्रंच और साड़ी पहनकर मिलने का मंच नहीं है. इसके पीछे बड़े स्तर पर सामाजिक और कल्याणकारी काम होते हैं. आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AWWA), एयर फोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AFWWA) और नेवी वेलफेयर एंड वेलनेस एसोसिएशन (NWWA) जैसे संगठन सैनिक परिवारों के लिए सहायता नेटवर्क का काम करते हैं. ये संगठन नई पोस्टिंग पर पहुंचे परिवारों की मदद, बच्चों की शिक्षा, कौशल विकास, वीर नारियों के पुनर्वास, विशेष जरूरत वाले बच्चों की सहायता और सामुदायिक कल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम चलाते हैं.

हैंडीक्राफ्ट से भी होती है समाज सेवा

कई सैन्य स्टेशनों पर अधिकारियों और जवानों की पत्नियां हैंडीक्राफ्ट तैयार करती हैं. टेबल क्लॉथ, रूमाल और अन्य हाथ से बनी वस्तुओं की बिक्री से जो आय होती है, उसका उपयोग सैनिक परिवारों और बच्चों के कल्याण के लिए किया जाता है. इससे महिलाओं को सामाजिक योगदान देने के साथ-साथ सामुदायिक सहयोग का अवसर भी मिलता है.

सेना में मजबूत रिश्तों की मुख्य वजह क्या?

ऑफिसर्स मेस में होने वाले वेलकम डिनर, लेडीज नाइट, हसबैंड्स नाइट, बड़ा खाना और थीम आधारित कार्यक्रम केवल मनोरंजन के लिए नहीं हो. इन आयोजनों का उद्देश्य सैन्य परिवारों के बीच मजबूत संबंध बनाना और नए परिवारों को समुदाय से जोड़ना भी होता है.

इन्हीं कार्यक्रमों के दौरान नए परिवारों को स्कूल, अस्पताल, बाजार, स्थानीय सुविधाओं और सैन्य स्टेशन से जुड़ी जरूरी जानकारियां मिलती हैं. लंबे समय तक फील्ड पोस्टिंग पर रहने वाले अधिकारियों के परिवारों के लिए यही सामाजिक नेटवर्क सबसे बड़ा सहारा बन जाता है.

बच्चों की परवरिश की बड़ी जिम्मेदारी

जब अधिकारी ऑपरेशनल इलाकों या लंबी फील्ड पोस्टिंग पर होते हैं, तब बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घर और रोजमर्रा की जिम्मेदारियां पूरी तरह जीवनसाथी के कंधों पर होती हैं. लगातार स्कूल बदलने के कारण बच्चों को भी नए माहौल में ढालना आसान नहीं होता. कई सैन्य परिवारों का कहना है कि बच्चों को हर बार नई जगह और नए दोस्तों के साथ सामंजस्य बैठाने में काफी समय लगता है.

समय के साथ बदली है सैन्य सामाजिक संस्कृति

परवीन बरार के अनुसार, 1980 के दशक की तुलना में आज सैन्य सामाजिक जीवन काफी बदल चुका है. पहले की तुलना में औपचारिकता कम हुई है और नई पीढ़ी ने कई बदलाव स्वीकार किए हैं. हालांकि ‘बड़ा खाना’, लेडीज नाइट, हसबैंड्स नाइट और थीम आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसी कई परंपराएं आज भी जारी हैं, जिनका उद्देश्य सैन्य परिवारों के बीच एकजुटता बनाए रखना है.

यह भी पढ़ें: जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए तब हमारी विदेश नीति फेल हुई?

क्या होती है पर्दे के पीछे की अहम भूमिका?

सैन्य अधिकारियों की पत्नियों का मानना है कि समाज को उन्हें सिर्फ किसी अधिकारी की पत्नी के रूप में नहीं देखना चाहिए. वे अपने करियर, परिवार, बच्चों की परवरिश और सैन्य समुदाय की जिम्मेदारियों को एक साथ निभाती हैं. मेस पार्टियां और औपचारिक समारोह उनकी जिंदगी का केवल एक छोटा हिस्सा हैं, जबकि असली जिम्मेदारियां पर्दे के पीछे निभाई जाती हैं. यही वजह है कि सैन्य परिवारों की महिलाएं न सिर्फ अपने परिवार की मजबूत आधारशिला होती हैं, बल्कि पूरे सैन्य समुदाय को जोड़कर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

Last Updated on July 14, 2026 5:25 pm

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *