Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आजमपुर डोडिया गांव में कुएं का दूषित पानी पीने से 80 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए. बीमार लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें हुईं. इनमें से 21 लोगों की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें पिपलोदा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद सभी मरीजों की हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
स्वास्थ्य अधिकारी ने क्या कहा?
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) किरण वाडिया ने बताया कि गांव में पिछले तीन-चार दिनों से लोग लगातार बीमार हो रहे थे. शुक्रवार को सूचना मिलते ही ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पवन पाटीदार ने तुरंत एम्बुलेंस गांव भेजीं और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया.
गांव में क्यों लगाया गया मेडिकल कैंप?
स्वास्थ्य विभाग की टीम की अगुवाई एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव बोरीवाल कर रहे थे. उन्होंने गांव में मेडिकल कैंप लगाया. जहां करीब 80 ग्रामीणों की जांच की गई. इसके बाद उन्हों जरूरी दवाइयां दी गई. इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों ने गांव में घर-घर जाकर सर्वे किया, ताकि कोई बीमार व्यक्ति इलाज से छूट ना जाए.
ग्रामीणों मल के नमूने देने से किया इनकार
स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी की वजह बनने वाले कुएं की सफाई भी कराई. अधिकारियों ने बीमारी का सही वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है. हालांकि, ग्रामीणों ने लैब जांच के लिए मल (Stool) के नमूने देने से इनकार कर दिया. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं. फिलहाल गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम हालात पर लगातार पर नजर रखे हुए है. साथ ही, लोगों को साफ पानी पीने की सलाह दी गई है.
Last Updated on July 18, 2026 11:09 pm
