बिहार: पूर्णिया के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आधुनिक कौशल से लैस करने की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) के केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की। शिष्टाचार भेंट के दौरान सांसद ने मंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और पूर्णिया के समग्र विकास से जुड़ा विजन दस्तावेज भी साझा किया।
‘पूर्णिया इंटरनेशनल स्किल सेंटर’ की मांग
मुलाकात के दौरान सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र में “पूर्णिया इंटरनेशनल स्किल सेंटर” की स्थापना का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। इस स्किल सेंटर के स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगे।
ड्रोन, एआई और कृषि कौशल पर फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) और स्किल रेजोल्यूशन 2026 के तहत भविष्य की जरूरतों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान विशेष रूप से ड्रोन आधारित कृषि प्रशिक्षण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कौशल विकास और युवाओं के लिए आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण पूर्णिया के युवाओं को ड्रोन तकनीक से जोड़ने को रोजगार की नई संभावनाओं के रूप में देखा गया।
पूर्णिया को ‘स्किल हब’ बनाने का संकल्प
मुलाकात के बाद सांसद पप्पू यादव ने कहा कि उनका उद्देश्य पूर्णिया के युवाओं को स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कौशल विकास मंत्रालय के सहयोग से शुरू होने वाली ये पहलें पूर्णिया को आने वाले समय में ‘स्किल हब’ के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। इससे पूर्णिया के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए रास्ते खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।
Last Updated on January 5, 2026 7:14 pm
