AAP को बड़ा झटका: राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों ने छोड़ी पार्टी, BJP में शामिल होने का ऐलान

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) को शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब उसके सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इनमें राघव चड्ढा (Raghav Chadda), संदीप पाठक और अशोक मित्तल जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों का दो-तिहाई हिस्सा अब उनके साथ है और वे एक अलग गुट बनाकर भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल भी पार्टी छोड़ रहे हैं।

चड्ढा ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि AAP अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा, “जिस पार्टी को मैंने 15 साल दिए, वह अब अपने रास्ते से पूरी तरह भटक गई है।”

हाल ही में चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाया गया था और उनकी जगह अशोक मित्तल को नियुक्त किया गया था। चड्ढा ने बताया कि सभी सांसदों ने आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और यह औपचारिक रूप से राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए गए हैं।

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP पर निशाना साधते हुए चड्ढा ने कहा कि पार्टी अब देशहित के बजाय निजी हितों के लिए काम कर रही है। उन्होंने खुद को “गलत पार्टी में सही व्यक्ति” बताते हुए AAP छोड़ने का ऐलान किया।

वहीं संदीप पाठक ने भी पार्टी छोड़ने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन आएगा, लेकिन अब वे AAP से अलग हो रहे हैं।

इस घटनाक्रम के बीच, 15 अप्रैल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब में अशोक मित्तल से जुड़े ठिकानों पर FEMA जांच के तहत छापेमारी की थी, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।

यह घटनाक्रम AAP के लिए एक बड़ा राजनीतिक संकट माना जा रहा है, जिससे पार्टी की राज्यसभा में ताकत और छवि दोनों पर असर पड़ सकता है।

Last Updated on April 24, 2026 5:38 pm

Related Posts