Railway Officer Assault: जिसके ऊपर सुरक्षा की जिम्मेदारी हो वही अगर अधिकारी को घसीटे और पीटे तो इससे शर्मनाक घटना क्या हो सकती है? घटना किसी गली-मुहल्ले की नहीं, बल्कि दुनिया के चौथे सबसे बड़े रेल नेटवर्क के एक चर्चित स्टेशन की है. जहां रेलवे के एक अधिकारी को कथित तौर पर घसीट-घसीटकर पीटा जाता है. अधिकारी कोई छोटे ओहदे पर नहीं, बल्कि डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट था. रेलवे के सुरक्षाबलों ने डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट को धसीटने से पहले धक्का-मुक्की भी की थी. वह भी इसलिए क्योंकि अधिकारी ने कथित तौर पर महिला को ट्रेन में चढ़ने के लिए गाड़ी रोकने का आदेश दिया था. आइए, जानते हैं कि घटना कैसे हुई और इस मामले में अब तक क्या अपडेट है.
RPF जवानों ने रेल अधिकारी को क्यों घसीटा?
Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री पहुंची. महिला के निर्धारित प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसकी ट्रेन चलने लगी. महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट ने ट्रेन मैनेजर को ट्रेन रोकने का निर्देश दिया. ट्रेन के रुकते ही RPF और डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट के बीच इसको लेकर विवाद शुरू हो गया. सुरक्षाबलों (RPF) का कहना था कि ट्रेन को क्यों रोका गया.
4 जवान सस्पेंड, जांच कमिटी गठित
देखते ही देखते रेल अधिकारी और RPF जवानों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में RPF जवानों को डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट को स्टेशन पर घसीटते हुए देखा गया. रेलवे के कर्मचारियों ने जब इस घटना का विरोध किया, तो तनाव और बढ़ गया. संवेदनशील मामले को देखते हुए उत्तर-मध्य रेलवे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 RPF जवानों को सस्पेंड कर दिया. साथ ही 3 सदस्यीय जांच कमिटी गठित की गई. जांच कमिटी को जल्द ही रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है. घटना हीराकुंड एक्सप्रेस में एक महिला यात्री के चढ़ने को लेकर हुई थी.
यह भी पढ़ें: रिजर्वेशन Train Ticket मिलना होगा आसान, क्या है IRCTC का नया प्लान?
रेलवे का आधिकारिक बयान क्या है?
घटना को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के CPRO (मुख्य जनसंपर्क अधिकारी) का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि घटना की निष्पक्ष जांच को लेकर 3 सदस्यीय कमिटी बनाई गई है. साथ ही, इस घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Last Updated on July 14, 2026 9:22 am
