– विश्व दीपक
इतिहास का भूत सबसे मज़बूत.विदेश नीति के मोर्चे पर अभी नेहरू के भूत से ही छुटकारा नहीं मिल रहा है, दूसरे भूत नहीं खोलना चाहता. यहां सिर्फ एक भूत का जिक्र करूंगा. इसका भी इसलिए कर रहा हूं क्योंकि इस भूत को पालने वाले दोनों किरदार अभी ज़िंदा हैं. ये दो किरदार हैं – मोदी जी के राजनीतिक गुरू लालकृष्ण आडवाणी और टीवी एंकर करण थापर.
कांधार हाईजैक के एक महीने के बाद ही बीजेपी के ‘लौहपुरुष’ लालकृष्ण आडवाणी उस वक्त भारत में तैनात पाकिस्तानी राजदूत अशरफ काजी से गुपचुप रात को मिलने लगे थे. आडवाणी का निवास तब पंडारा रोड पर था. दिन को या सार्वजनिक मंचों पर नहीं मिल सकते थे क्योंकि तब उनको ‘देशद्रोही’ करार दिया जाता. इसलिए रात को मिलते थे.
दूसरा कारण यह था कि इससे उनकी ‘लौहपुरुष’ वाली इमेज गल जाती. मकसद क्या था? पाकिस्तान को वार्ता के लिये तैयार करना. 18 महीने के दौरान करीब 30 बार आडवाणी जी अपने घर पर अशरफ काजी से मिले.अशरफ काजी को रात को आडवाणी के घर ले जाने वाला शख्स था-करण थापर.
करण थापर अपनी कार में या किसी दूसरी कार में काजी साहब को रात को आडवाणी के घर ले जाया करते थे. आडवाणी करण थापर के साथ मिलकर पाकिस्तान के साथ वार्ता की राह तैयार कर रहे थे. थापर के पिताजी और काजी के बाप दोनों दोस्त थे. इस रात्रिकालीन मुलाकात का अंत मुशर्रफ की आगरा शिखर वार्ता के रूप में हुआ.
2001 में जब संसद पर आतंकवादी हमला हुआ तो संयोग से आडवाणी ही गृह मंत्री थे.भारत ने पाकिस्तान के राजदूत को निकाल दिया.राजदूत भी उस समय अशरफ काजी ही थे. जाने से पहले काजी रात को एक बार फिर रात को आडवाणी जी से उनके घर पर मिले.आडवाणी उनसे गले मिलकर रो पड़े.
चाहें तो करण थापर या आडवाणी जी से पूछ लीजिये. दोनों अभी ज़िंदा है.आडवाणी जी निजी तौर पर बहुत ही विनम्र और सेक्युलर हैं. हालांकि जिन्ना का भूत उनका कैरियर खा गया नहीं तो संभवत: मोदी जी की जगह आज लोक कल्याण मार्ग में वही रह रहे होते.
मोदी जी ने आडवाणी और करण थापर दोनों का क्या हाल किया यह सबको पता है. कारण थापर आज तक रोते हैं. आडवाणी रो भी नहीं पाते. काजी से मिलने के मुद्दे पर मुझे आडवाणी जी से कोई शिकायत नहीं लेकिन ऐसा क्यों होता है कि हर बड़ा आतंकवादी हमला [मुंबई आतंकवादी हमले को छोड़कर] भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में ही हुआ? सोचिएगा.
लेखक लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे हैं. पूर्व में Aajtak, BBC, Zee जैसे कई बड़े संस्थानों में काम कर चुके हैं. उनके फेसबुक वॉल से.)
Last Updated on January 21, 2026 10:52 am
