Chhattisgarh Gang Rape: छ्त्तीसगढ़ से दुष्कर्म के दो मामले हैरान करने वाले हैं. इसमें से एक मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा है. पीड़ित महिला से आरोपियों ने पहले कई बार दुष्कर्म किया और जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाई. जबकि, दूसरा मामला भी रोंगटे खड़े कर देने वाला है. दोनों की मामलों में पीड़िता आदिवासी समुदाय की है, जिनके साथ दरिंदगी की हदें पार कर दी जाती है. पूरा मामला क्या है, चलिए जानते हैं.
दरअसल, छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दो आदिवासी समुदाय के नेताओं पर 25 साल की महिला और 17 साल की नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का आरोप लगा है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 75 वर्षीय दरोगा सिंह और 56 वर्षीय रमेश टेकाम के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, नाबालिग से यौन शोषण, गर्भपात कराने की कोशिश और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है.
क्यों शुरू हुआ विवाद?
पुलिस के मुताबिक, 25 साल की महिला ने इसी साल अप्रैल में दूसरी जाति के युवक से शादी की थी. महिला का आरोप है कि 4 जुलाई को उसके माता-पिता और रिश्तेदार उसे जबरन वापस घर ले आए. इसके बाद उसे आदिवासी समुदाय के दोनों नेताओं के पास छोड़ दिया गया. महिला का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसकी देखभाल करने के बजाय कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका गर्भ गिराने के इरादे से उसे दवाइयां दी गईं.
आरोपियों के कब्जे से कैसे छूटी महिला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला किसी तरह अपने पति से संपर्क करने में सफल रही. इसके बाद उसके पति ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने 5 जुलाई को महिला को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाया.
दूसरा मामला कैसे सामने आया?
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि एक 17 साल की नाबालिग लड़की भी आरोपियों के पास है. इसके बाद पुलिस ने 10 जुलाई को नाबालिग का बयान दर्ज किया. नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह भी दूसरी जाति के एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी. बाद में उसके माता-पिता उसे वापस ले आए और दोनों आदिवासी नेताओं के पास भेज दिया. लड़की का आरोप है कि वहां उसके साथ भी दुष्कर्म किया गया.
आरोपी पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमेश टेकाम के खिलाफ पहले भी दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है. उसे साल 2021 में भी गिरफ्तार किया गया था.
यह भी पढ़ें: SC ने Sonam Raghuwanshi की जमानत रद्द की, कब तक करना होगा कोर्ट में सरेंडर?
दोनों आरोपी गिरफ्तार
डीएसपी (मुख्यालय) आशा दास ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस ने उनकी तलाश कर 19 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. साथ ही मामले की जांच जारी है.
Last Updated on July 24, 2026 2:59 pm
