RBI Pilot Project: रुपये-पैसों से जुड़ी बातों को लेकर हर इंसान अलर्ट रहता है. ऐसा इसलिए क्योंकि आम इंसान बिना मेहनत के इसे पाने की कल्पना भी नहीं कर सकता. पैसा कमाने के लिए लोग दिन-रात मेहनत करते हैं. साथ ही जब व्यक्ति रुपया खर्च करता है, तो पाई-पाई का हिसाब भी रखता है.
खासतौर पर कागज वाले नोटों को लेकर लोगों को परेशानी यह होती है कि वह बाजार में आसानी से चलता नहीं. कई बार तो ऐसे नोट भींगने की वजह से टुकड़ो-टुकड़ों में बिखर जाते हैं. लोगों की इस परेशानी का हल निकालने के लिए RBI नया प्रोजेक्ट लॉन्च करने जा रहा है. 10 और 20 रुपये के नोटों को लेकर आरबीआई का नया मास्टर प्लान क्या है? जानिए.
कब आएंगे 10 और 20 रुपये के नए नोट?
दरअसल, अगले साल (2027) से भारत में 10 और 20 रुपये के पॉलीमर (प्लास्टिक) नोट देखने को मिल सकते हैं. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) इन नोटों को पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कुछ जगहों पर जारी करने की तैयारी कर रहा है. RBI के अनुसार, इसके लिए ग्लोबल सप्लायर्स की मदद ली जाएगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, RBI सबसे पहले 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोटों का ट्रायल शुरू कर सकता है. अगर फील्ड ट्रायल सफल रहता है और लोगों से अच्छे नतीजे मिलते हैं, तो 2027 से इन नोटों को पूरे देश में बड़े पैमाने पर जारी किया जा सकता है.
किनसे मांगे गए प्लास्टिक नोट बनाने के लिए आवेदन?
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, RBI की नोट छापने वाली कंपनी BRBNMPL (भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड) ने दुनिया भर की कंपनियों से प्लास्टिक (पॉलीमर) नोट बनाने के लिए आवेदन मांगे हैं. इसके लिए ‘ग्लोबल एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI)’ जारी किया गया है.
किस चीज से बनेगी नई नोट?
इसके के तहत कंपनियों से ऐसी पॉलीमर शीट सप्लाई करने को कहा गया है, जिन पर 10 और 20 रुपये के नोट छापे जा सकें. ये शीट सामान्य कागज की नहीं होंगी, बल्कि BOPP (Biaxially Oriented Polypropylene) नाम की खास प्लास्टिक सामग्री से बनी होंगी. RBI ने करीब 68,000 रीम पॉलीमर शीट की जरूरत बताई है. इनमें से 34,000-34,000 रीम दो अलग-अलग मूल्य के नोटों के लिए इस्तेमाल की जाएंगी. एक रीम में 500 शीट होती हैं.
यह भी पढ़ें: क्यों आपकी सैलरी अब ज्यादा नहीं लगती? भारत में महंगाई की असली वजह जानिए
नकली नोट निकालना होगा मुश्किल
इन पॉलीमर शीट में आधुनिक सुरक्षा फीचर्स भी होंगे, जैसे पारदर्शी विंडो (खिड़की), चमकदार धातु वाला नंबर, मैग्नेटिक सिक्योरिटी थ्रेड, शैडो इमेज और इरिडेसेंट पैट. ये सभी फीचर्स नोटों को नकली बनने से रोकने और उनकी सुरक्षा बढ़ाने के लिए होंगे. इन शीटों पर BRBNMPL और SPMCIL के प्रिंटिंग प्रेस में नोट छापे जाएंगे.
Last Updated on July 18, 2026 4:43 pm
