– धीरेंद्र गुप्ता
छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में मंगलवार को एक किसान को गोली लगने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham) के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन्हें गोली मारी. हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.
घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का कहना है कि इलाके के किसानों पर अपनी जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है. उनका आरोप है कि जो किसान जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है. मोतीलाल के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चला दी गई, जिससे वे घायल हो गए.
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के संबंध में एफआईआर और पुलिस का विस्तृत आधिकारिक बयान आने का इंतजार है.
इस मामले में घायल किसान ने सीधे तौर पर शालिग्राम गर्ग पर गोली चलाने का आरोप लगाया है. वहीं, शालिग्राम गर्ग या बागेश्वर धाम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपों में कितनी सच्चाई है. फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है.
हालांकि इस मामले को लेकर धीरेंद्र नाथ शास्त्री ने स्पष्ट कर दिया है कि शालिग्राम गर्ग से उनका कोई लेना देना नहीं है. पूरा समाज ही उनका परिवार है. क़ानून अपना काम करे और जो भी सख़्त से सख़्त कार्रवाई हो उनके ख़िलाफ़. इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से ये भी अपील की है कि आगे से अगर शालीग्राम गर्ग कुछ भी करते हैं तो धीरेंद्र शास्त्री का नाम उससे ना जोड़ा जाए.
Last Updated on July 14, 2026 10:11 pm
